हाथरस। परिषदीय जूनियर हाई स्कूलों में नए शैक्षणिक सत्र का शुभारंभ उत्साह और उल्लास के साथ हुआ। विद्यालय पहुंचने वाले छात्र-छात्राओं का रोली का टीका लगाकर और आत्मीय स्वागत कर अभिनंदन किया गया। इस अवसर पर एसडीएम नीरज शर्मा भी उपस्थित रहे और उन्होंने बच्चों का स्वागत कर नए सत्र की शुभकामनाएं दीं। बुधवार को आयोजित स्वागत समारोह के बाद विद्यालयों में विभिन्न शैक्षिक एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए गए। कार्यक्रम में विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और नए सत्र की शुरुआत को यादगार बनाया गया।
एसडीएम नीरज शर्मा ने अपने संबोधन में कहा कि विद्यालयों में इस प्रकार की गतिविधियां नियमित रूप से आयोजित होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि पुस्तकीय ज्ञान के साथ-साथ विद्यार्थियों को सांस्कृतिक, रचनात्मक और अन्य सह-पाठ्यक्रम गतिविधियों में भी भाग लेने का अवसर मिलना चाहिए, जिससे उनका सर्वांगीण विकास हो सके और उनमें नई प्रतिभाओं का विकास हो। इस दौरान विद्यालय के शिक्षकों और स्थानीय अभिभावकों ने भी बच्चों का उत्साहवर्धन किया तथा उन्हें नए शैक्षणिक सत्र के लिए शुभकामनाएं दीं।





