• Home
  • फिरोजाबाद
  • स्कूल चलो अभियान के दूसरे चरण का शुभारंभ, शत-प्रतिशत उपस्थिति पर जोर

स्कूल चलो अभियान के दूसरे चरण का शुभारंभ, शत-प्रतिशत उपस्थिति पर जोर

फिरोजाबाद। जनपद में स्कूल चलो अभियान के दूसरे चरण का शुभारंभ बुधवार को ब्लॉक संसाधन केंद्र से किया गया। जिलाधिकारी संतोष कुमार शर्मा ने अभियान को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया और कहा कि अभियान का उद्देश्य केवल बच्चों का नामांकन बढ़ाना नहीं, बल्कि पंजीकृत विद्यार्थियों की विद्यालयों में शत-प्रतिशत उपस्थिति सुनिश्चित करना भी है। जिलाधिकारी ने कहा कि सरकार की प्राथमिकताओं और नई शिक्षा नीति के तहत प्री-प्राइमरी (बाल वाटिका) से लेकर कक्षा एक तथा कक्षा पांच और आठ उत्तीर्ण करने वाले सभी छात्र-छात्राओं का अगली कक्षाओं में अनिवार्य रूप से पुनः नामांकन कराया जाएगा। इसके लिए जनपद के प्रत्येक ग्राम सभा और शहरी क्षेत्र के प्रत्येक वार्ड में स्कूल जाने योग्य बच्चों का सर्वे कराया जा रहा है।

उन्होंने बताया कि जो बच्चे स्कूल से बाहर हैं या किसी कारणवश पढ़ाई बीच में छोड़ चुके हैं, उन्हें विशेष अभियान चलाकर दोबारा विद्यालयों से जोड़ा जाएगा। इस अभियान में जनप्रतिनिधियों की भी सहभागिता सुनिश्चित की गई है। संतोष कुमार शर्मा ने अभिभावकों, शिक्षकों और प्रबुद्ध नागरिकों से अपील की कि वे अपने आसपास के प्रत्येक बच्चे का विद्यालय में नामांकन कराएं और नियमित रूप से स्कूल भेजने में सहयोग करें। उन्होंने कहा कि जब हर बच्चा स्कूल जाएगा, तभी जनपद और देश की प्रगति सुनिश्चित होगी। इस अवसर पर ब्लॉक प्रमुख लक्ष्मीनारायण यादव सहित शिक्षक-शिक्षिकाएं और शिक्षा विभाग के अधिकारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Scroll to Top