फिरोजाबाद। थाना नसीरपुर पुलिस, एसओजी और सर्विलांस टीम ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए गांजा तस्करी के एक बड़े नेटवर्क का भंडाफोड़ किया है। पुलिस ने एक कैंटर में छिपाकर ले जाए जा रहे 3 क्विंटल 69 किलो 920 ग्राम गांजे के साथ एक तस्कर को गिरफ्तार किया है। बरामद गांजे की अंतरराष्ट्रीय बाजार में अनुमानित कीमत करीब तीन करोड़ रुपये बताई गई है। सीओ क्राइम चंचल त्यागी ने बताया कि वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक आदित्य लांग्हे के निर्देशन में की गई कार्रवाई के दौरान पुलिस टीम ने गुरुवार सुबह करीब 6:45 बजे नगला गुंज, आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे स्थित करनपुर मार्ग की पुलिया के पास से कंटेनर सहित आरोपी को दबोच लिया। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से दो मोबाइल फोन और तस्करी में प्रयुक्त कैंटर भी बरामद किया है।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान पन्नालाल पुत्र वासुदेव निवासी ग्राम विरामपुर, थाना कोतवाली देहात, जिला एटा के रूप में हुई है। पूछताछ में उसने बताया कि वह उड़ीसा से कम कीमत पर गांजा खरीदकर उत्तर प्रदेश में लाता था और यहां पुड़िया बनाकर कई गुना अधिक कीमत पर बेचता था। पुलिस के अनुसार आरोपी लंबे समय से गांजा तस्करी में सक्रिय है और अवैध मादक पदार्थ की आपूर्ति कर युवाओं को नशे की गिरफ्त में धकेल रहा था। आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है। इस कार्रवाई में प्रभारी सर्विलांस मुकेश कुमार, उपनिरीक्षक मोहम्मद अकरम, उपनिरीक्षक देवेश कुमार, थाना नसीरपुर प्रभारी उपनिरीक्षक सतेंद्र कुमार, उपनिरीक्षक अजय कुमार तथा पुलिस टीम के अन्य सदस्य शामिल रहे।





