फिरोजाबाद। शिक्षक पात्रता परीक्षा के शांतिपूर्ण एवं निष्पक्ष संचालन को लेकर जिलाधिकारी संतोष कुमार शर्मा और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक आदित्य लांग्हे ने रविवार को महात्मा गांधी बालिका इंटर कॉलेज सहित विभिन्न परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने सुरक्षा व्यवस्था और परीक्षा संचालन की तैयारियों का बारीकी से निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी और एसएसपी ने परीक्षा केंद्र के कंट्रोल रूम में लगे सीसीटीवी कैमरों की कार्यप्रणाली का अवलोकन किया तथा परीक्षा कक्षों में जाकर व्यवस्थाओं की स्थिति भी देखी। अधिकारियों ने परीक्षा ड्यूटी में तैनात कर्मचारियों को पूरी सतर्कता और निष्पक्षता के साथ अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन करने के निर्देश दिए।
जिलाधिकारी संतोष कुमार शर्मा ने कहा कि शिक्षक पात्रता परीक्षा को सकुशल एवं पारदर्शी ढंग से संपन्न कराने के लिए प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद है। परीक्षा केंद्रों पर सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए हैं और प्रत्येक गतिविधि पर सीसीटीवी कैमरों के माध्यम से लगातार निगरानी रखी जा रही है। इस दौरान मुख्य विकास अधिकारी शत्रोहन वैश्य सहित अन्य संबंधित अधिकारी भी मौजूद रहे।





