• Home
  • रायबरेली
  • डीएम एवं डीपीआरओ के निर्देशन में ग्राम प्रधान और एनटीपीसी के सहयोग से गेट के बाहर से हटा कूड़े का ढेर

डीएम एवं डीपीआरओ के निर्देशन में ग्राम प्रधान और एनटीपीसी के सहयोग से गेट के बाहर से हटा कूड़े का ढेर

रायबरेली। जिलाधिकारी सरनीत कौर ब्रोका और जिला पंचायत राज अधिकारी विनय सिंह के निर्देशन में चलाए जा रहे स्वच्छता अभियान के तहत एनटीपीसी ऊंचाहार के सहयोग तथा ग्राम पंचायत ऊंचाहार देहात के प्रधान धनराज यादव के प्रयासों से एनटीपीसी गेट नंबर-2 के बाहर सड़क किनारे लंबे समय से जमा कूड़े के ढेर को हटाकर क्षेत्र को स्वच्छ और व्यवस्थित बनाया गया। बरसात के मौसम से पहले की गई इस कार्रवाई से एनटीपीसी के अधिकारियों, कर्मचारियों, स्थानीय नागरिकों और राहगीरों को बड़ी राहत मिली है। लंबे समय से जमा कचरे के कारण क्षेत्र में दुर्गंध फैल रही थी और संक्रमण का खतरा बना हुआ था। वहीं बारिश के दौरान कूड़ा सड़क पर फैलने से आवागमन प्रभावित होने की आशंका भी बनी रहती थी।

स्वच्छता अभियान के दौरान ग्राम प्रधान धनराज यादव स्वयं मौके पर मौजूद रहे। सफाई कर्मियों और जेसीबी मशीन की सहायता से कूड़े का उठान कराया गया तथा इसके बाद पूरे क्षेत्र की व्यापक साफ-सफाई कराई गई। अभियान के बाद एनटीपीसी के मुख्य प्रवेश मार्ग का वातावरण पहले की अपेक्षा अधिक स्वच्छ, सुंदर और सुरक्षित दिखाई देने लगा। स्थानीय लोगों ने जिलाधिकारी सरनीत कौर ब्रोका, जिला पंचायत राज अधिकारी विनय सिंह, ग्राम प्रधान धनराज यादव तथा एनटीपीसी ऊंचाहार के संयुक्त प्रयासों की सराहना की। उन्होंने कहा कि इस तरह के समन्वित अभियान स्वच्छता, जनस्वास्थ्य और पर्यावरण संरक्षण की दिशा में महत्वपूर्ण कदम हैं। स्थानीय नागरिकों ने उम्मीद जताई कि भविष्य में भी प्रशासन, जनप्रतिनिधि और एनटीपीसी के सहयोग से ऐसे अभियान लगातार चलाए जाएंगे, जिससे क्षेत्र को स्वच्छ, सुंदर और स्वस्थ बनाए रखा जा सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Releated Posts

Scroll to Top