रायबरेली। जिलाधिकारी सरनीत कौर ब्रोका के निर्देशानुसार जनपद के सभी 18 विकास खंडों की ग्राम पंचायतों में गुरुवार को ‘वी.बी.जी.रामजी’ योजना के अंतर्गत विभिन्न विकास एवं जनहितकारी कार्यों का शुभारंभ किया गया। योजना के प्रभावी एवं समयबद्ध क्रियान्वयन के लिए संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए हैं, ताकि निर्धारित मानकों के अनुरूप सभी कार्य गुणवत्तापूर्ण ढंग से पूर्ण कराए जा सकें।
जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि योजना के अंतर्गत कराए जाने वाले सभी कार्य पूर्ण पारदर्शिता एवं गुणवत्ता के साथ संपादित किए जाएं तथा प्रत्येक ग्राम पंचायत में निर्धारित कार्यों की नियमित निगरानी सुनिश्चित की जाए। उन्होंने कहा कि शासन की मंशा के अनुरूप ग्रामीण क्षेत्रों में आधारभूत सुविधाओं का विस्तार, स्वच्छ एवं सुंदर वातावरण का निर्माण तथा ग्रामीण जनजीवन को बेहतर बनाने के उद्देश्य से योजना का प्रभावी क्रियान्वयन किया जा रहा है।
उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि सभी कार्य निर्धारित समय-सीमा के भीतर पूर्ण कराए जाएं तथा गुणवत्ता के साथ ग्रामवासियों की सहभागिता भी सुनिश्चित की जाए।
मुख्य विकास अधिकारी अंजुलता ने बताया कि जनपद के सभी 18 विकास खंडों की ग्राम पंचायतों में योजना के अंतर्गत कार्य प्रारंभ होने से ग्रामीण विकास को नई गति मिलेगी। स्थानीय स्तर पर रोजगार सृजन के साथ-साथ आधारभूत सुविधाओं में भी उल्लेखनीय सुधार होगा। प्रशासन द्वारा योजना की सतत निगरानी की जाएगी, जिससे प्रत्येक कार्य का लाभ पात्र ग्रामीणों तक प्रभावी रूप से पहुंच सके।
उपायुक्त श्रम एवं रोजगार प्रमोद सिंह ने बताया कि भारत सरकार द्वारा श्वी.बी.जी.रामजीश् योजना लागू की गई है। योजना के तहत ग्रामीण परिवारों को पहले के 100 दिनों के स्थान पर 125 दिनों के रोजगार की गारंटी, मजदूरी दर ₹252 से बढ़ाकर ₹300 प्रतिदिन तथा समयबद्ध भुगतान का प्रावधान किया गया है। उन्होंने बताया कि कार्य पूर्ण होने के 7 से 15 दिनों के भीतर मजदूरी का भुगतान सुनिश्चित किया जाएगा।
उन्होंने बताया कि विकसित भारत गारंटी फॉर रोजगार एंड आजीविका मिशन-ग्रामीण (वी.बी.जी.रामजी) की शुरुआत जनपद की 980 ग्राम पंचायतों में की गई है। योजना के शुभारंभ के अवसर पर प्रत्येक विकास खंड की दो-दो ग्राम पंचायतों में कार्यक्रम आयोजित किए गए, जिनमें निर्वाचित जनप्रतिनिधियों, श्रमिकों, स्वयं सहायता समूह (एसएचजी) के सदस्यों तथा अन्य हितधारकों ने सहभागिता की।
उन्होंने बताया कि शासन स्तर से योजना के शुभारंभ पर जनपद को 94 कार्यों का लक्ष्य निर्धारित किया गया था। इसके क्रम में प्रत्येक विकास खंड में छह-छह कार्य वी.बी.जी.रामजी योजना के अंतर्गत प्रारंभ कराए गए।
योजना के अंतर्गत कार्यों को चार प्रमुख श्रेणियों में विभाजित किया गया है, जिनमें जल सुरक्षा एवं जल संरक्षण, ग्रामीण अवसंरचना विकास, आजीविका संवर्धन तथा जलवायु परिवर्तन एवं प्रतिकूल मौसम से निपटने संबंधी कार्य शामिल हैं।
इसके अतिरिक्त कृषि कार्यों को ध्यान में रखते हुए योजना में पहली बार बुवाई एवं कटाई के मौसम के दौरान 60 दिनों तक कार्य स्थगित रखने का प्रावधान किया गया है, ताकि खेतों में कृषि कार्यों के लिए पर्याप्त श्रमिक उपलब्ध रह सकें।
वी.बी.जी.रामजी योजना के अंतर्गत विकास कार्यों का शुभारंभ
Releated Posts





