रायबरेली। जिलाधिकारी सरनीत कौर ब्रोका ने रिंग रोड फेज-02 के निर्माणाधीन कार्यों का स्थलीय निरीक्षण कर परियोजना की प्रगति, निर्माण की गुणवत्ता तथा निर्धारित समय-सीमा के अनुरूप कार्यों का जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान उन्होंने कार्यदायी संस्था एवं संबंधित अधिकारियों से परियोजना की वर्तमान स्थिति, निर्माण की गुणवत्ता, भूमि अधिग्रहण तथा अन्य तकनीकी बिंदुओं की विस्तृत जानकारी प्राप्त की। अधिकारियों ने बताया कि यह परियोजना चार लेन की है, जिसकी कुल लंबाई लगभग 22 किलोमीटर है। परियोजना को पूर्ण करने की समय-सीमा 30 अप्रैल 2027 निर्धारित की गई है तथा वर्तमान में कार्य की भौतिक प्रगति लगभग 55 प्रतिशत है। परियोजना के अंतर्गत तीन रेलवे ओवरब्रिज (आरओबी) तथा चार प्रमुख जंक्शन, लखनऊ रोड, कानपुर रोड, फतेहपुर (डलमऊ) रोड एवं प्रयागराज रोडकृशामिल हैं।
जिलाधिकारी ने निर्माणाधीन मार्ग का निरीक्षण करते हुए कार्यदायी संस्था को निर्देश दिए कि परियोजना से जुड़े सभी कार्य निर्धारित मानकों के अनुरूप उच्च गुणवत्ता के साथ समयबद्ध ढंग से पूर्ण किए जाएं। उन्होंने कहा कि रिंग रोड फेज-02 जनपद की यातायात व्यवस्था को अधिक सुगम एवं सुरक्षित बनाने के साथ-साथ शहर में बढ़ते यातायात दबाव को कम करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा। इसलिए परियोजना के सभी कार्य निर्धारित समय-सीमा के भीतर पूर्ण कराए जाएं।
उन्होंने कार्यदायी संस्था के अधिकारियों को यह भी निर्देश दिए कि निर्माण कार्य में प्रयुक्त सामग्री की गुणवत्ता पर विशेष ध्यान दिया जाए तथा परियोजना को समय पर पूरा करने के लिए आवश्यक संसाधनों की पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित की जाए।
निरीक्षण के दौरान अपर जिलाधिकारी (न्यायिक) विशाल यादव, सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्रालय के अधिशासी अभियंता वरुण वार्ष्णेय सहित संबंधित विभागों के अधिकारी एवं कार्यदायी संस्था के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।
डीएम ने रिंग रोड फेज-02 के निर्माण कार्य का किया स्थलीय निरीक्षण
Releated Posts





