• Home
  • फिरोजाबाद
  • रजवाह का पानी रोकने की मांग को लेकर ग्रामीणों ने एडीएम को सौंपा ज्ञापन

रजवाह का पानी रोकने की मांग को लेकर ग्रामीणों ने एडीएम को सौंपा ज्ञापन

फिरोजाबाद। ग्राम मोढ़ा के मजरा चित्रगुप्त के ग्रामीणों ने कांग्रेस जिलाध्यक्ष रामनिवास यादव के नेतृत्व में कलेक्ट्रेट पहुंचकर अपर जिलाधिकारी कल्पना जायसवाल को ज्ञापन सौंपा। ग्रामीणों ने बरसात के दौरान रजवाह के ओवरफ्लो होने से फसलों और मकानों को हो रहे नुकसान का हवाला देते हुए तत्काल स्थायी समाधान की मांग की। ज्ञापन में कहा गया कि नगर निगम द्वारा रजवाह का उपयोग नाले के रूप में किया जा रहा है। बरसात के समय रजवाह ओवरफ्लो होकर मोढ़ा, जमालपुर और नगला मुल्ला क्षेत्र में कट जाता है, जिससे हर वर्ष हजारों बीघा कृषि भूमि जलमग्न हो जाती है और किसानों की फसलें बर्बाद हो जाती हैं। ग्रामीणों का कहना है कि इस समस्या के कारण हर बरसात में 50 से 60 परिवारों को कई महीनों तक पलायन करने के लिए मजबूर होना पड़ता है।

ग्रामीणों ने बताया कि वर्तमान में चित्रगुप्त नगर के पास रजवाह कटने से पानी घरों में घुस रहा है। एक व्यक्ति का शौचालय भी गिर चुका है और यदि जल्द पानी की निकासी नहीं कराई गई तो कई मकानों के गिरने का खतरा है। ग्रामीणों के अनुसार, शिकायत करने पर सिंचाई विभाग के अधिकारियों ने पानी को नगर निगम का बताते हुए अपनी जिम्मेदारी से इंकार कर दिया, जबकि नगर निगम के अधिकारियों ने क्षेत्र को अपनी सीमा से बाहर बताया। उनका कहना है कि पानी नगर निगम की नालियों से ही रजवाह में पहुंच रहा है। ज्ञापन में यह भी उल्लेख किया गया कि पूर्व में सिंचाई विभाग, नगर निगम और जिला प्रशासन की बैठक में नगर निगम ने आसफाबाद से रजवाह को नाले के रूप में विकसित कर सोफीपुर नाले तक पानी की निकासी कराने का आश्वासन दिया था। इसकी कार्ययोजना भी तैयार हो चुकी है, लेकिन अब तक उस पर अमल नहीं किया गया। ग्रामीणों का कहना है कि फतेहपुर पुलिया पर रजवाह बंद होने के कारण पानी ओवरफ्लो होकर आबादी और खेतों में भर जाता है।

ग्रामीणों ने चेतावनी दी कि यदि समस्या का शीघ्र समाधान नहीं किया गया तो वे आंदोलन करने के लिए बाध्य होंगे। अपर जिलाधिकारी कल्पना जायसवाल ने मामले को गंभीरता से लेते हुए सिंचाई विभाग और नगर निगम को शिकायत भेजकर तत्काल आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए हैं। ज्ञापन सौंपने वालों में शैलेंद्र शुक्ला, रमेश चंद्र गुप्ता, सुशीला, आरती, निर्मला, कमलेश, रूबी, मिथलेश, अभिलाषा, पूनम, गीता, विद्या, प्रशांत गुप्ता, मनोज कुमार, सुनीता देवी, सुमन देवी, गीता सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Scroll to Top