• Home
  • हाथरस
  • हाथरस में टीईटी-2026 परीक्षा दूसरे दिन भी कड़ी सुरक्षा के बीच संपन्न

हाथरस में टीईटी-2026 परीक्षा दूसरे दिन भी कड़ी सुरक्षा के बीच संपन्न

हाथरस। उत्तर प्रदेश शिक्षक पात्रता परीक्षा (टीईटी)-2026 का आयोजन शुक्रवार को हाथरस जिले में दूसरे दिन भी कड़े सुरक्षा प्रबंधों के बीच शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुआ। जिले के 10 परीक्षा केंद्रों पर परीक्षा दो पालियों में आयोजित की गई। प्रत्येक पाली में 3,710 अभ्यर्थी पंजीकृत थे। परीक्षा का अंतिम चरण शनिवार को होगा, जिसमें केवल एक पाली में परीक्षा आयोजित की जाएगी। परीक्षा केंद्रों पर अभ्यर्थियों को सघन जांच के बाद ही प्रवेश दिया गया। पुरुष अभ्यर्थियों के जूतों की जांच के लिए उन्हें जूते उतरवाए गए, जबकि महिला अभ्यर्थियों के बालों का जूड़ा खुलवाकर तलाशी ली गई। इसके अलावा अभ्यर्थियों के आभूषण भी उतरवाकर जांच की गई। परीक्षा केंद्र के भीतर पानी की बोतल सहित किसी भी प्रकार का प्रतिबंधित सामान ले जाने की अनुमति नहीं दी गई। दिव्यांग अभ्यर्थियों के लिए आवश्यक सुविधाएं भी उपलब्ध कराई गईं।

पहली पाली के लिए सुबह 8:45 बजे परीक्षा केंद्रों के प्रवेश द्वार बंद कर दिए गए, जिसके बाद किसी भी अभ्यर्थी को प्रवेश नहीं मिला। सुबह से ही सभी परीक्षा केंद्रों के बाहर अभ्यर्थियों की भीड़ रही। जिला प्रशासन और शिक्षा विभाग के अधिकारी लगातार परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण करते रहे और व्यवस्थाओं का जायजा लिया। परीक्षा को निष्पक्ष, पारदर्शी और नकलविहीन बनाने के लिए सभी केंद्रों पर पर्याप्त पुलिस बल तैनात रहा। उल्लेखनीय है कि परीक्षा के पहले दिन दोनों पालियों में कुल 1,001 अभ्यर्थी अनुपस्थित रहे थे। दूसरे दिन भी प्रशासन ने सुरक्षा व्यवस्था और परीक्षा संचालन पर विशेष निगरानी रखी, जिसके चलते परीक्षा शांतिपूर्ण और व्यवस्थित ढंग से संपन्न हुई।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Scroll to Top