अनुपम दुबे: कानपुर देहात। जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, कानपुर देहात द्वारा आयोजित 30 दिवसीय समर इंटर्नशिप कार्यक्रम का सफलतापूर्वक समापन किया गया। कार्यक्रम का आयोजन जनपद न्यायाधीश एवं अध्यक्ष, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण रविन्द्र सिंह के निर्देशन तथा प्राधिकरण की सचिव नूपुर श्रीवास्तव के मार्गदर्शन में किया गया। समर इंटर्नशिप कार्यक्रम का उद्देश्य विधि के छात्र-छात्राओं को न्यायिक व्यवस्था, विधिक सेवा संस्थानों की कार्यप्रणाली और समाज के प्रति उनकी जिम्मेदारियों से व्यावहारिक रूप से परिचित कराना था। इसके माध्यम से विद्यार्थियों में विधिक जागरूकता और सेवा भावना विकसित करने का प्रयास किया गया।
समापन समारोह में जनपद न्यायाधीश एवं जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के अध्यक्ष रविन्द्र सिंह ने प्रतिभागी विधि छात्र-छात्राओं को प्रमाण-पत्र वितरित किए और उनके उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने विद्यार्थियों से विधि के क्षेत्र में निष्ठा, ईमानदारी और संवेदनशीलता के साथ कार्य करने का आह्वान किया। इस अवसर पर छात्र-छात्राओं ने जनपद न्यायाधीश रविन्द्र सिंह और जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की सचिव नूपुर श्रीवास्तव के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि इंटर्नशिप के दौरान उन्हें न्यायालय की कार्यप्रणाली, राष्ट्रीय लोक अदालत, वन स्टॉप सेंटर, जिला कारागार तथा अन्य न्यायिक एवं विधिक सेवा संबंधी गतिविधियों का व्यावहारिक अनुभव प्राप्त हुआ, जो उनके भावी विधिक जीवन में महत्वपूर्ण साबित होगा।





