कानपुर देहात। विकास खंड डेरापुर की ग्राम पंचायत मुर्रा में मुख्य विकास अधिकारी विधान जायसवाल की अध्यक्षता में ‘विकसित भारत जी राम जी अधिनियम-2025’ का शुभारंभ किया गया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। मुख्य विकास अधिकारी ने ग्रामीणों से सरकार की विभिन्न योजनाओं का अधिकाधिक लाभ उठाने और ग्राम विकास में सक्रिय भागीदारी निभाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि विकसित भारत के संकल्प को साकार करने में ग्राम पंचायतों की महत्वपूर्ण भूमिका है और जनसहभागिता से ही समृद्ध एवं आत्मनिर्भर गांवों का निर्माण संभव है।
उन्होंने कहा कि प्रशासन का उद्देश्य केवल कागजी विकास नहीं, बल्कि प्रत्येक ग्रामीण तक सरकारी योजनाओं का वास्तविक लाभ पहुंचाना है। उनके अनुसार, ‘विकसित भारत जी राम जी अधिनियम-2025’ के तहत ग्राम पंचायत मुर्रा को मॉडल विलेज के रूप में विकसित किया जाएगा, जो जनपद के लिए एक उदाहरण बनेगा। कार्यक्रम के दौरान अधिकारियों और ग्रामीणों को अधिनियम के उद्देश्यों एवं विभिन्न प्रावधानों की जानकारी दी गई। साथ ही ग्राम स्तर पर जनजागरूकता बढ़ाने पर भी जोर दिया गया। मुख्य विकास अधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी पात्र लाभार्थियों तक शासन की योजनाओं का लाभ पारदर्शी एवं समयबद्ध तरीके से पहुंचाना सुनिश्चित किया जाए। कार्यक्रम में ग्राम पंचायत मुर्रा के ग्रामीणों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। ग्राम प्रधान ने मुख्य विकास अधिकारी का आभार व्यक्त करते हुए योजना के प्रभावी क्रियान्वयन में ग्रामीणों की ओर से पूर्ण सहयोग का भरोसा दिलाया। इस अवसर पर ब्लॉक प्रमुख डेरापुर मोहित दुबे, उपायुक्त श्रम एवं रोजगार अशोक कुमार, खंड विकास अधिकारी संजू सिंह सहित अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।





