कानपुर देहात। मुख्य विकास अधिकारी विधान जायसवाल ने विकास खंड डेरापुर की ग्राम पंचायत मुर्रा स्थित आरआरसी (रिसोर्स रिकवरी सेंटर) का औचक निरीक्षण कर केंद्र की कार्यप्रणाली का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने कूड़ा संग्रहण एवं उसके निस्तारण की व्यवस्था का निरीक्षण करते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान मुख्य विकास अधिकारी ने निर्देश दिए कि गांवों से आने वाले सूखे और गीले कचरे को पूरी तरह अलग-अलग किया जाए। साथ ही प्लास्टिक एवं अन्य पुनर्चक्रण योग्य सामग्री को पृथक कर उनके वैज्ञानिक एवं उचित निस्तारण की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए।
उन्होंने कहा कि गीले कचरे से तैयार होने वाली जैविक खाद की गुणवत्ता बेहतर होनी चाहिए। इस खाद की ब्रांडिंग कर स्थानीय नर्सरियों और किसानों को उपलब्ध कराया जाए, जिससे स्वयं सहायता समूहों की महिलाओं और ग्राम पंचायत की आय में वृद्धि हो सके। मुख्य विकास अधिकारी ने केंद्र को आत्मनिर्भर बनाने पर भी जोर देते हुए कहा कि गांव के प्रत्येक घर और व्यावसायिक प्रतिष्ठानों से नियमित रूप से कचरा संग्रहण किया जाए तथा स्वच्छता शुल्क की शत-प्रतिशत वसूली सुनिश्चित की जाए। उन्होंने कहा कि प्रभावी कचरा प्रबंधन से ग्रामीण क्षेत्रों को स्वच्छ, सुंदर और पर्यावरण अनुकूल बनाया जा सकता है।





