हाथरस। पुलिस अधीक्षक चिरंजीव नाथ सिन्हा ने पुलिस कार्यालय सभागार में रिक्रूट महिला आरक्षियों के व्यावहारिक प्रशिक्षण की समीक्षा करते हुए प्रशिक्षण संबंधी अभिलेखों और रजिस्टरों का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने प्रशिक्षण की गुणवत्ता, अनुशासन और अभिलेखों के रखरखाव का जायजा लेकर संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान महिला आरक्षियों को महिला बीट भ्रमण, मिशन शक्ति अभियान, महिला हेल्प डेस्क के संचालन, एंटी रोमियो टीम की कार्यप्रणाली तथा महिला सुरक्षा से जुड़े विभिन्न पहलुओं की जानकारी दी गई। साथ ही उन्हें 1090, 181, 112, 1098, 108, 102 और 1076 सहित विभिन्न हेल्पलाइन सेवाओं के बारे में आमजन को जागरूक करने के निर्देश दिए गए।
पुलिस अधीक्षक ने महिला आरक्षियों से अनुशासन, कर्तव्यनिष्ठा और जनसेवा की भावना के साथ कार्य करने का आह्वान करते हुए कहा कि प्रशिक्षण का उद्देश्य उन्हें शारीरिक, मानसिक और व्यावसायिक रूप से दक्ष बनाना है, ताकि वे भविष्य में अपने दायित्वों का प्रभावी ढंग से निर्वहन कर सकें। इस अवसर पर क्षेत्राधिकारी नगर हिमांशु माथुर सहित अन्य पुलिस अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।



