हाथरस। विकासखंड सासनी के चौपाल सागर से जगीपुर लिंक मार्ग पर सिंचाई विभाग द्वारा हाल ही में निर्मित गंदे नाले का पुल निर्माण के कुछ समय बाद ही बैठ गया। पुल के क्षतिग्रस्त होने से 40 से अधिक गांवों के हजारों ग्रामीणों का आवागमन प्रभावित हो गया है, जिससे लोगों में दुर्घटना की आशंका बनी हुई है। ग्रामीणों के अनुसार यह मार्ग किसानों, छात्र-छात्राओं, व्यापारियों तथा आम नागरिकों के लिए प्रमुख संपर्क मार्ग है। पुल के बैठ जाने के कारण आवागमन जोखिम भरा हो गया है और किसी भी समय बड़ा हादसा हो सकता है। ग्रामीणों का आरोप है कि पुल की स्थिति को लेकर सिंचाई विभाग और संबंधित अधिकारियों को कई बार शिकायत की गई, लेकिन अब तक न तो पुल की मरम्मत कराई गई है और न ही कोई ठोस कार्रवाई की गई है। ग्रामीणों ने जिला प्रशासन एवं सिंचाई विभाग से क्षतिग्रस्त पुल की तत्काल तकनीकी जांच कराकर शीघ्र मरम्मत कराने की मांग की है। उनका कहना है कि समय रहते पुल की मरम्मत कराई जाए, ताकि संभावित दुर्घटनाओं को रोका जा सके और क्षेत्र के लोगों का सुरक्षित आवागमन सुचारु रूप से बहाल हो सके।
निर्माण के कुछ समय बाद ही बैठा पुल, 40 से अधिक गांवों का आवागमन प्रभावित
Releated Posts








