फिरोजाबाद। जिला विधिक सेवा प्राधिकरण द्वारा आयोजित 21 दिवसीय समर इंटर्नशिप कार्यक्रम का समापन समारोह आयोजित किया गया, जिसमें विधि छात्र-छात्राओं को प्रमाण-पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया।कार्यक्रम को संबोधित करते हुए जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के अध्यक्ष एवं जिला जज डॉ. बब्बू सारंग ने कहा कि विधि शिक्षा का उद्देश्य केवल सैद्धांतिक ज्ञान प्राप्त करना नहीं, बल्कि न्यायिक व्यवस्था, संवैधानिक मूल्यों और सामाजिक उत्तरदायित्व की व्यावहारिक समझ विकसित करना भी है। उन्होंने विद्यार्थियों से अपने विधिक ज्ञान का उपयोग समाज के कमजोर, वंचित एवं जरूरतमंद लोगों को न्याय दिलाने तथा विधि के शासन को मजबूत बनाने में करने का आह्वान किया।
जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के सचिव योगेश शिवा ने कहा कि इस प्रकार के प्रशिक्षण कार्यक्रम विद्यार्थियों में व्यावसायिक दक्षता के साथ-साथ सेवा, संवेदनशीलता और सामाजिक उत्तरदायित्व की भावना का भी विकास करते हैं। इस दौरान इंटर्नशिप में शामिल विधि छात्र-छात्राओं ने अपने अनुभव साझा करते हुए बताया कि प्रशिक्षण के माध्यम से उन्हें न्यायिक प्रणाली, न्यायालयीन कार्यप्रणाली तथा जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की विभिन्न गतिविधियों को निकट से समझने का अवसर मिला, जो उनके भावी विधिक जीवन में अत्यंत उपयोगी साबित होगा। समारोह के अंत में जिला जज डॉ. बब्बू सारंग एवं सचिव योगेश शिवा ने समर इंटर्नशिप सफलतापूर्वक पूर्ण करने वाले विधि छात्र-छात्राओं को प्रमाण-पत्र प्रदान कर सम्मानित किया।





