फिरोजाबाद। अखिल भारतीय माथुर वैश्य महासभा के तत्वावधान में 19 जुलाई को जनहित में विशाल रक्तदान शिविर का आयोजन किया जाएगा। शिविर का मुख्य उद्देश्य जरूरतमंद, गरीब एवं असहाय मरीजों को समय पर रक्त उपलब्ध कराकर उनकी सहायता करना है। महासभा के राष्ट्रीय अध्यक्ष मुकेश कुमार मामा एवं मंडलीय अध्यक्ष अश्विनी कुमार गुप्ता ने बताया कि 19 जुलाई को पूरे देश में महासभा की ओर से रक्तदान शिविर आयोजित किए जाएंगे, जिनमें बड़ी संख्या में लोगों के भाग लेने की उम्मीद है। उन्होंने बताया कि मंडल स्तर पर 12 स्थानों पर रक्तदान शिविर लगाए जाएंगे।
फिरोजाबाद मंडल में सिरसागंज, मक्खनपुर, टूंडला, खैरगढ़, फिरोजाबाद क्लब, शिव पैलेस (चंद्रवार गेट), माथुर वैश्य धर्मार्थ हॉस्पिटल (परमेश्वर गेट), लक्ष्मी ब्लड बैंक (सुहाग नगर), ग्लोबल ब्लड बैंक (टेलीफोन एक्सचेंज वाली गली), ट्रामा सेंटर तथा एसएन हॉस्पिटल सहित विभिन्न स्थानों पर शिविर आयोजित किए जाएंगे। पदाधिकारियों ने कहा कि रक्तदान महादान है। एक यूनिट रक्त से कई लोगों का जीवन बचाया जा सकता है और रक्तदान से किसी प्रकार का नुकसान नहीं होता। उन्होंने अधिक से अधिक लोगों से शिविर में पहुंचकर रक्तदान करने की अपील की। इस अवसर पर उपाध्यक्ष नीता अलंकार, मंडलीय मंत्री सुनील सेठ, कोषाध्यक्ष संजय, सूर्या, यतेंद्र कुमार, दयाशंकर गुप्ता, अनिल कुमार पंनवरिया, डॉ. गरिमा सिंह, रोहित, प्रदीप गौतम, मनीष अलंकार, सचिन गुप्ता, सुनील गोलस, राजीव गोलस तथा मीडिया प्रभारी राजेश जबरेवा सहित अन्य पदाधिकारी उपस्थित रहे।





