• Home
  • फिरोजाबाद
  • नगर आयुक्त ने अधिकारियों संग जलभराव वाले क्षेत्रों का किया निरीक्षण

नगर आयुक्त ने अधिकारियों संग जलभराव वाले क्षेत्रों का किया निरीक्षण

फिरोजाबाद। मानसून के दौरान शहरवासियों को जलभराव की समस्या से राहत दिलाने के उद्देश्य से नगर निगम ने तैयारियां तेज कर दी हैं। बुधवार को नगर आयुक्त ने जलकल एवं निर्माण विभाग के अधिकारियों के साथ चंद्रवार गेट, परमेश्वर गेट, कश्मीरी गेट, जाटवपुरी, नगलावरी चौराहा, सर्विस रोड, मालवीय नगर और सर्कुलर रोड सहित जलभराव प्रभावित क्षेत्रों का स्थलीय निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया।

नगर आयुक्त प्रशांत नागर ने निरीक्षण के दौरान संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि बारिश के दौरान किसी भी क्षेत्र में पानी जमा न होने पाए। उन्होंने कहा कि जिन स्थानों पर हर वर्ष जलभराव की समस्या सामने आती है, वहां पानी की निकासी के लिए मोटरें लगाई जा रही हैं, ताकि बारिश का पानी समय रहते बाहर निकाला जा सके और लोगों को परेशानी का सामना न करना पड़े। उन्होंने कहा कि नगर निगम का प्रयास है कि इस वर्ष शहरवासियों को जलभराव की समस्या से अधिकतम राहत मिले और बारिश के दौरान यातायात व जनजीवन सामान्य बना रहे। नगर निगम की टीमें पूरे बारिश के मौसम में सक्रिय रहेंगी और किसी भी समस्या की सूचना मिलने पर तत्काल कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी। इस दौरान जलकल विभाग एवं निर्माण विभाग के अधिकारी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Scroll to Top