• Home
  • रायबरेली
  • इरीटिम के महानिदेशक ने किया आरेडिका का दौरा

इरीटिम के महानिदेशक ने किया आरेडिका का दौरा

रायबरेली। भारतीय रेलवे परिवहन एवं प्रबंधन संस्थान (इरीटिम), लखनऊ के महानिदेशक प्रकाश रंजन ठाकुर ने बुधवार को आधुनिक रेल डिब्बा कारखाना (आरेडिका), रायबरेली का दौरा किया। इस दौरान उनके साथ इरीटिम के प्रोफेसर (फाइनेंस) अष्टानन्द पाठक भी मौजूद रहे। दौरे के दौरान महानिदेशक ने आरेडिका के महाप्रबंधक रामन कृष्णन एवं वरिष्ठ अधिकारियों के साथ बैठक कर कोच उत्पादन, विनिर्माण प्रक्रियाओं तथा उत्पादन क्षमता से संबंधित विस्तृत जानकारी प्राप्त की। भारतीय रेलवे यातायात सेवा के 1990 बैच के अधिकारी प्रकाश रंजन ठाकुर को रेलवे संचालन, परिवहन प्रबंधन, सुरक्षा, प्रशासन तथा विभिन्न मंत्रालयों में तीन दशकों से अधिक का प्रशासनिक एवं प्रबंधकीय अनुभव है।

उन्होंने आरेडिका के विभिन्न विभागों के वरिष्ठ अधिकारियों को भी संबोधित किया। अपने उद्बोधन में उन्होंने कार्यस्थल पर सफलता के मूल मंत्रों पर प्रकाश डालते हुए सकारात्मक दृष्टिकोण, प्रभावी नेतृत्व, टीम भावना, समयबद्ध निर्णय, सतत सीखने की प्रवृत्ति तथा नवाचार को अपनाने पर बल दिया। उन्होंने अधिकारियों से उत्कृष्ट कार्य संस्कृति विकसित करने का आह्वान किया और अपने तीन दशकों से अधिक के प्रशासनिक एवं प्रबंधकीय अनुभव भी साझा किए। भ्रमण के दौरान उन्होंने शेल शॉप, बोगी शॉप, व्हील शॉप तथा फर्निशिंग शॉप का निरीक्षण किया। इस दौरान अत्याधुनिक मशीनों की कार्यदक्षता का अवलोकन किया तथा कर्मचारियों से उत्पादन प्रक्रिया एवं मशीनों की कार्यप्रणाली की जानकारी ली। उन्होंने आरेडिका में निर्मित वंदे भारत ट्रेन के रेक का भी अवलोकन किया।

इसके उपरांत महानिदेशक ने आरेडिका की खेल सुविधाओं तथा हरित एवं सुव्यवस्थित आवासीय कॉलोनी का भ्रमण किया। फैक्ट्री परिसर की स्वच्छता, हरियाली और आधुनिक व्यवस्थाओं की सराहना करते हुए उन्होंने कहा कि आरेडिका भारतीय रेल की अत्यंत सुंदर, आधुनिक एवं उत्कृष्ट कोच निर्माण इकाई है। बैठक एवं निरीक्षण के दौरान आरेडिका के प्रधान मुख्य यांत्रिक अभियंता विवेक खरे, प्रधान मुख्य विद्युत अभियंता मनोज कुमार जिंदल, प्रधान मुख्य कार्मिक अधिकारी रूपेश श्रीवास्तव, प्रधान मुख्य सामग्री प्रबंधक वी.के. पाठक, प्रधान मुख्य प्रशासनिक अधिकारी रवीश कुमार, प्रधान मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. आभा जैन, मुख्य सतर्कता अधिकारी महेश सिंह, प्रधान मुख्य सुरक्षा आयुक्त रमेश चन्द्र सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे। यह जानकारी आरेडिका के जनसंपर्क अधिकारी अनिल कुमार श्रीवास्तव ने दी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Releated Posts

Scroll to Top