फिरोजाबाद। मुख्यमंत्री कैशलेस चिकित्सा शिक्षक योजना के अंतर्गत प्रदेश के 12 लाख शिक्षकों एवं उनके परिवारों को कैशलेस चिकित्सा का सीधा लाभ प्राप्त होगा, जिससे उन्हें बीमारी के समय बड़ी आर्थिक राहत मिलेगी। इस योजना के तहत पांच लाख रुपये तक का निःशुल्क इलाज शिक्षकों को उपलब्ध कराया जाएगा। इसके अलावा मुख्यमंत्री ने प्रदेश के 1.10 करोड़ छात्र-छात्राओं के खातों में सीधे डीबीटी के माध्यम से 1200 रुपये प्रति छात्र की दर से धनराशि हस्तांतरित की। इस धनराशि से विद्यार्थी अपनी यूनिफॉर्म, जूते, मोजे, स्वेटर, बैग और स्टेशनरी जैसी आवश्यक सामग्रियां खरीद सकेंगे।
नगर के पॉलीवाल हॉल में जनपद के बेसिक शिक्षा के 11,700 शिक्षकों, अनुदेशकों, शिक्षामित्रों, रसोइयों तथा 1,200 माध्यमिक शिक्षकों को कैशलेस कार्ड की सुविधा उपलब्ध कराई गई। मुख्यमंत्री के कैशलेस कार्ड वितरण कार्यक्रम का लाइव प्रसारण देखा और सुना गया। कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों ने रोहित कुमार, दीप सिंह गौर, संजय जैन, धर्मेंद्र कुमार, सुनील कुमार, दिनेश कुमार, विपिन कुमार शर्मा, मोहित चतुर्वेदी, शुजा अंसारी, नरेंद्र सिंह शर्मा आदि को कैशलेस कार्ड का वितरण किया।
इस अवसर पर सदर विधायक मनीष असीजा ने कहा कि एक शिक्षक देश के भविष्य का निर्माता होता है। शिक्षक का हम सभी के जीवन में अत्यंत विशिष्ट स्थान होता है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में प्रदेश सरकार शिक्षकों के कल्याण के लिए पूरी तरह संवेदनशील है। शिक्षकों को कैशलेस कार्ड की सुविधा और बैंकों के माध्यम से मिल रही बीमा सुविधाएं सरकार की प्राथमिकताओं को दर्शाती हैं।
मेयर कामिनी राठौर ने कहा कि शिक्षा के आधार स्तंभ शिक्षक हैं, उनकी सुविधा की चिंता हमारी सरकार की प्राथमिकता है। मुख्यमंत्री ने कैशलेस चिकित्सा सुविधा प्रदान कर शिक्षकों के सम्मान और सुरक्षा दोनों को बढ़ाया है।
मुख्य विकास अधिकारी शत्रोहन वैश्य ने कहा कि सभी शिक्षक सरकार द्वारा प्रदत्त कैशलेस चिकित्सा सुविधा का लाभ उठाएं और अपना पंजीकरण अवश्य कराएं। संचालन शिवकांत पलिया ने किया। इस दौरान ब्लॉक प्रमुख डॉ. लक्ष्मी नारायण यादव, अपर जिलाधिकारी मोहन लाल गुप्ता, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी अनिल परिहार, खंड शिक्षा अधिकारी उपेंद्र एवं ओम प्रकाश अकेला के अलावा जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।




