• Home
  • हाथरस
  • सहायक बुक कीपर प्रशिक्षण संपन्न, प्रतिभागियों को मिले प्रमाण-पत्र

सहायक बुक कीपर प्रशिक्षण संपन्न, प्रतिभागियों को मिले प्रमाण-पत्र

हाथरस। सासनी-जलेसर मार्ग स्थित गांव किशनगढ़ी में संचालित कैनरा बैंक ग्रामीण स्वरोजगार प्रशिक्षण संस्थान (आरसेटी), हाथरस में चल रहे 38 दिवसीय सहायक बुक कीपर प्रशिक्षण कार्यक्रम का मंगलवार को सफलतापूर्वक समापन हो गया। इस अवसर पर आयोजित समारोह में सफल प्रशिक्षणार्थियों को प्रमाण-पत्र वितरित किए गए। कार्यक्रम के समापन पर संस्थान के निदेशक सुनील कुमार झा ने प्रतिभागियों को प्रमाण-पत्र प्रदान करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि इस प्रशिक्षण का मुख्य उद्देश्य ग्रामीण युवाओं एवं महिलाओं को आधुनिक लेखांकन (अकाउंटिंग), कंप्यूटर आधारित बही-खाता, जीएसटी, डिजिटल भुगतान तथा वित्तीय प्रबंधन का व्यावहारिक ज्ञान उपलब्ध कराना है, ताकि वे रोजगार एवं स्वरोजगार के क्षेत्र में स्वयं को स्थापित कर सकें।

उन्होंने प्रशिक्षणार्थियों से आह्वान किया कि वे यहां से प्राप्त कौशल का पूरा लाभ  उठाकर आत्मनिर्भर बनें और समाज के अन्य युवाओं के लिए भी प्रेरणास्रोत बनें। लगभग 38 दिनों तक चले इस सघन प्रशिक्षण में प्रतिभागियों को बही-खाता लेखन, टैली सॉफ्टवेयर, कंप्यूटर अकाउंटिंग, जीएसटी की बारीकियां, बैंकिंग प्रक्रियाएं तथा उद्यमिता विकास (इंटरप्रेन्योरशिप) से संबंधित व्यावहारिक एवं तकनीकी प्रशिक्षण प्रदान किया गया। कार्यक्रम के समापन पर प्रशिक्षणार्थियों ने इस प्रशिक्षण को अपने करियर के लिए अत्यंत उपयोगी बताते हुए संस्थान का आभार व्यक्त किया। उल्लेखनीय है कि कैनरा बैंक आरसेटी द्वारा ग्रामीण युवाओं एवं महिलाओं को निःशुल्क कौशल प्रशिक्षण प्रदान कर उन्हें लगातार आर्थिक रूप से सशक्त बनाया जा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Scroll to Top