• Home
  • कानपुर देहात
  • मुख्य विकास अधिकारी ने ग्राम सचिवों को जीएसटी कटौती के नियमों की दी जानकारी

मुख्य विकास अधिकारी ने ग्राम सचिवों को जीएसटी कटौती के नियमों की दी जानकारी

कार्यशाला में वित्तीय कार्यों में पारदर्शिता व शासन के दिशा-निर्देशों के पालन पर दिया जोर

कानपुर देहात। विकास भवन सभागार, माती में मुख्य विकास अधिकारी विधान जायसवाल की अध्यक्षता में ग्राम सचिवों के लिए जीएसटी कटौती (जीएसटी डिडक्शन) संबंधी कार्यशाला आयोजित की गई। कार्यशाला का उद्देश्य ग्राम सचिवों को जीएसटी कटौती से जुड़े प्रावधानों, प्रक्रियाओं एवं शासन द्वारा निर्धारित नियमों की विस्तृत जानकारी देना तथा वित्तीय कार्यों में पारदर्शिता और त्रुटिरहित कार्यप्रणाली सुनिश्चित करना रहा।

मुख्य विकास अधिकारी विधान जायसवाल ने कहा कि सभी ग्राम सचिव वित्तीय कार्यों का निष्पादन शासन के दिशा-निर्देशों के अनुरूप करें तथा जीएसटी कटौती से संबंधित नियमों का पूर्ण अनुपालन सुनिश्चित करें। उन्होंने कहा कि सही जानकारी और समयबद्ध अनुपालन से विकास कार्यों में पारदर्शिता एवं जवाबदेही बढ़ेगी। कार्यशाला में जिला पंचायत राज अधिकारी विकास पटेल ने जीएसटी कटौती की प्रक्रिया, आवश्यक अभिलेखों के संधारण, कर जमा करने की समय-सीमा तथा व्यवहारिक समस्याओं के समाधान की विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने ग्राम सचिवों की जिज्ञासाओं का समाधान करते हुए शासन के प्रावधानों का अक्षरशः पालन करने के निर्देश दिए। बैठक में ग्राम पंचायतों में विकास कार्यों को अधिक पारदर्शी, सुगम एवं नियमानुसार संचालित करने के उद्देश्य से ग्राम निधि का नया बैंक खाता खुलवाने तथा सरकारी खरीद-बिक्री एवं निविदा प्रक्रियाओं के संचालन के लिए जीएसटी नंबर हेतु आवेदन की प्रक्रिया शीघ्र पूर्ण कराने के निर्देश भी दिए गए। कार्यशाला में जनपद के सभी संबंधित ग्राम सचिवों ने भाग लिया। बैठक में उपायुक्त राज्य कर, जिला विकास अधिकारी, जिला पंचायत राज अधिकारी सहित अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Scroll to Top