अनुपम दुबे: कानपुर देहात। वृक्षारोपण महायज्ञ-2026 के अंतर्गत सोमवार को जनपद में 50.38 लाख पौधों के रोपण के लक्ष्य के साथ वृहद पौधरोपण अभियान का शुभारंभ पीएम श्री केंद्रीय विद्यालय, नबीपुर से किया गया। कार्यक्रम में राज्यमंत्री प्रतिभा शुक्ला, जिला पंचायत अध्यक्ष नीरज रानी तथा जिलाधिकारी कपिल सिंह ने पौधरोपण कर ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान का संदेश दिया। कार्यक्रम का शुभारंभ वैदिक मंत्रोच्चार एवं पूजा-अर्चना के साथ हुआ। इस दौरान राज्यमंत्री प्रतिभा शुक्ला ने आम, जिला पंचायत अध्यक्ष नीरज रानी ने मौलश्री, जिलाधिकारी कपिल सिंह ने पीपल, उनकी माताजी सरला सिंह ने कदम तथा उनकी पत्नी चारू सिंह ने पीपल का पौधा रोपित किया। अन्य जनप्रतिनिधियों एवं अधिकारियों ने भी विभिन्न प्रजातियों के पौधे लगाकर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। सभी ने पौधों के साथ सेल्फी लेकर ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान को जन-जन तक पहुंचाने का आह्वान किया।
कार्यक्रम के दौरान अतिथियों ने विद्यालय परिसर में छात्रों द्वारा लगाई गई पर्यावरण विषयक प्रदर्शनी का अवलोकन किया। वहीं विद्यालय के छात्र-छात्राओं ने पर्यावरण संरक्षण पर आधारित सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए, जिन्हें उपस्थित लोगों ने सराहा। राज्यमंत्री प्रतिभा शुक्ला ने अपने संबोधन में कहा कि वृक्ष मानव जीवन, पर्यावरण और जैव विविधता के संरक्षण का आधार हैं। उन्होंने सभी नागरिकों से अधिकाधिक पौधे लगाने और उनके संरक्षण का संकल्प लेने का आह्वान किया। जिलाधिकारी कपिल सिंह ने बताया कि जनपद में वन विभाग सहित सभी विभागों, स्थानीय निकायों, ग्राम पंचायतों, शिक्षण संस्थानों और स्वयंसेवी संगठनों के सहयोग से 50.38 लाख पौधे लगाए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि पौधरोपण तभी सफल माना जाएगा, जब पौधों की नियमित देखभाल और संरक्षण सुनिश्चित किया जाए। अभियान के तहत लगाए गए सभी पौधों की जियो-टैगिंग, फोटोग्राफी और नियमित अनुश्रवण की व्यवस्था भी की गई है। इस अवसर पर ब्लॉक प्रमुख आशीष मिश्रा, अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) दुष्यंत कुमार मौर्य, प्रभागीय वनाधिकारी प्रोमिला, उप जिलाधिकारी अकबरपुर, जिला विद्यालय निरीक्षक, केंद्रीय विद्यालय एवं नवोदय विद्यालय के प्राचार्य, तहसीलदार अकबरपुर सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी, शिक्षक, छात्र-छात्राएं तथा बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित रहे।





