अनुपम दुबे: कानपुर देहात। पुलिस अधीक्षक श्रद्धा नरेंद्र पांडेय ने पुलिस लाइन सभागार में जनपद के विभिन्न थानों एवं शाखाओं में तैनात मुख्य आरक्षियों और आरक्षियों के साथ सैनिक सम्मेलन आयोजित कर उनकी समस्याएं सुनीं तथा उनके त्वरित एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण के लिए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए। सम्मेलन का उद्देश्य पुलिस बल के अधीनस्थ कार्मिकों के साथ सीधा संवाद स्थापित करना, उनकी समस्याओं एवं सुझावों को सुनना, कार्यक्षमता और मनोबल को सुदृढ़ करना तथा पुलिस सेवा को अधिक प्रभावी एवं जनोन्मुखी बनाना रहा।
इस दौरान पुलिस अधीक्षक श्रद्धा नरेंद्र पांडेय ने पुलिसकर्मियों से उनके कार्यस्थल से जुड़े अनुभवों, ड्यूटी के दौरान आने वाली व्यावहारिक समस्याओं, बीट व्यवस्था, रात्रि गश्त, संसाधनों की उपलब्धता, आवासीय सुविधाओं एवं पुलिस कल्याण से जुड़े विषयों पर विस्तार से चर्चा की। उन्होंने प्रत्येक समस्या और सुझाव को गंभीरता से सुनते हुए संबंधित अधिकारियों को समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। पुलिस अधीक्षक ने कहा कि अनुशासन, ईमानदारी, संवेदनशीलता, निष्पक्षता और जनसेवा की भावना ही पुलिस की वास्तविक पहचान है। उन्होंने सभी पुलिसकर्मियों से आमजन के साथ शालीन एवं सम्मानजनक व्यवहार करने, कानून-व्यवस्था बनाए रखने, अपराध नियंत्रण, प्रभावी गश्त तथा महिला सुरक्षा संबंधी दायित्वों का पूरी निष्ठा और जिम्मेदारी के साथ निर्वहन करने का आह्वान किया।
उन्होंने पुलिसकर्मियों के कल्याण, मानसिक स्वास्थ्य और बेहतर कार्य वातावरण के महत्व पर भी बल देते हुए कहा कि पुलिस विभाग अपने प्रत्येक कार्मिक के हितों के प्रति संवेदनशील है तथा उनकी समस्याओं के समाधान के लिए निरंतर प्रयासरत है। सैनिक सम्मेलन सौहार्दपूर्ण एवं सकारात्मक वातावरण में संपन्न हुआ। इस दौरान पुलिसकर्मियों ने अपने सुझाव साझा किए तथा पुलिस अधीक्षक के मार्गदर्शन और निर्देशों से प्रेरणा प्राप्त की।





