कानपुर देहात। थाना सिकंदरा क्षेत्र के हरिहरपुर चौराहे के पास स्थित ‘द रॉयल कैफे एंड फैमिली रेस्टोरेंट’ के संचालक पर अपने तीन साथियों के साथ मिलकर कोचिंग जा रही एक नाबालिग छात्रा का कथित रूप से अपहरण कर उसे कैफे के अंदर एक कमरे में बंद करने का आरोप लगा है। सूचना पर पहुंची पुलिस ने छात्रा को सुरक्षित बरामद कर लिया, जबकि रेस्टोरेंट संचालक को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार थाना सिकंदरा क्षेत्र के एक गांव की रहने वाली नाबालिग छात्रा गुरुवार को रोज की तरह करीब दो बजे साइकिल से कोचिंग के लिए घर से निकली थी, लेकिन काफी देर तक कोचिंग सेंटर नहीं पहुंची। इस पर कोचिंग संचालक ने छात्रा के परिजनों को इसकी सूचना दी। परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की तो छात्रा की साइकिल हरिहरपुर चौराहे के पास स्थित ‘द रॉयल कैफे एंड फैमिली रेस्टोरेंट’ के बाहर खड़ी मिली। आरोप है कि छात्रा की तलाश करते हुए उसका एक रिश्तेदार कैफे के अंदर पहुंचा, जहां उसे भी एक कमरे में बंद कर दिया गया। जब परिजनों ने कैफे के अंदर जाने का प्रयास किया तो संचालक अंकित पाल ने उन्हें रोक दिया। इसके बाद परिजनों ने तत्काल पुलिस को सूचना दी।
सूचना मिलते ही सिकंदरा पुलिस मौके पर पहुंची और परिजनों के साथ कैफे के अंदर जाकर कमरे का दरवाजा खुलवाया। वहां से नाबालिग छात्रा को सुरक्षित बरामद कर लिया गया। पुलिस के पहुंचने से पहले तीन अज्ञात युवक मौके से फरार हो गए, जबकि कैफे संचालक अंकित पाल को पुलिस ने हिरासत में ले लिया। थाना प्रभारी जनार्दन प्रताप सिंह ने बताया कि कैफे संचालक अंकित पाल से पूछताछ की जा रही है। पूरे मामले की जांच की जा रही है तथा जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर अग्रिम वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।





