फिरोजाबाद। थाना रसूलपुर क्षेत्र में एक युवक का शव नाले में मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। मृतक की पहचान 25 वर्षीय अरुण चक के रूप में हुई है, जो क्षेत्र में किराने की दुकान संचालित करता था। शव मिलने की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। घटनास्थल के पास मृतक की स्कूटी भी खड़ी मिली, जबकि उसके सिर पर चोट के निशान मिलने से मामला संदिग्ध माना जा रहा है।
गुरुवार को पोस्टमार्टम के बाद मामला उस समय और गर्मा गया, जब आक्रोशित परिजनों ने शव को पुराना रसूलपुर स्थित आवास के निकट सड़क पर रखकर धरना शुरू कर दिया। परिजनों का आरोप है कि दूसरे समुदाय के एक युवक ने अरुण की हत्या की है। उन्होंने पुलिस से हत्या का मुकदमा दर्ज कर आरोपियों की तत्काल गिरफ्तारी और कड़ी कानूनी कार्रवाई की मांग की। धरने में बड़ी संख्या में स्थानीय लोगों के साथ हिंदू संगठन के कार्यकर्ता और पूर्व विधायक शिव सिंह चक भी मौके पर पहुंचे। उन्होंने घटना की निष्पक्ष जांच कराने, दोषियों पर सख्त कार्रवाई करने और अवैध संपत्तियों पर बुलडोजर कार्रवाई की मांग उठाई। इस दौरान थाने के बाहर काफी देर तक तनावपूर्ण स्थिति बनी रही। परिजनों ने साफ कहा कि जब तक हत्या का मुकदमा दर्ज कर आरोपियों के खिलाफ प्रभावी कार्रवाई नहीं की जाती, तब तक वे अंतिम संस्कार नहीं करेंगे। उनकी मांग है कि पुलिस पूरे मामले का शीघ्र खुलासा कर दोषियों को कानून के दायरे में लाए। स्थिति को देखते हुए पुलिस अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर परिजनों से वार्ता की और उन्हें निष्पक्ष जांच का भरोसा दिया। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट, घटनास्थल से जुटाए गए साक्ष्यों और अन्य तकनीकी व वैज्ञानिक तथ्यों के आधार पर सभी पहलुओं की गहन जांच की जा रही है। जांच के बाद जो भी तथ्य सामने आएंगे, उनके अनुरूप नियमानुसार कानूनी कार्रवाई की जाएगी।





