अनुपम दुबे: कानपुर। छत्रपति शाहू जी महाराज विश्वविद्यालय, कानपुर का 41वां दीक्षांत समारोह विश्वविद्यालय परिसर में गरिमामय वातावरण में आयोजित किया गया। समारोह की अध्यक्षता उत्तर प्रदेश की राज्यपाल एवं कुलाधिपति श्रीमती आनंदीबेन पटेल ने की। कार्यक्रम में अनेक गणमान्य अतिथि, शिक्षाविद्, विश्वविद्यालय के अधिकारी, प्राध्यापक तथा छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।
दीक्षांत समारोह को संबोधित करते हुए राज्यपाल एवं कुलाधिपति आनंदीबेन पटेल ने विद्यार्थियों को शिक्षा, नैतिक मूल्यों, सामाजिक उत्तरदायित्व तथा राष्ट्र निर्माण में सक्रिय सहभागिता का संदेश दिया। उन्होंने कहा कि उच्च शिक्षा केवल रोजगार प्राप्त करने का माध्यम नहीं, बल्कि समाज के प्रति अपने दायित्वों के निर्वहन का आधार भी है। उन्होंने युवाओं से ज्ञान, नवाचार और सेवा की भावना के साथ देश के विकास में योगदान देने का आह्वान किया। समारोह के दौरान समाजहित से जुड़ी विभिन्न जनकल्याणकारी पहलों का भी शुभारंभ किया गया। राज्यपाल ने आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं के हित में एक महत्वपूर्ण पहल की शुरुआत की। साथ ही महिलाओं एवं किशोरियों के स्वास्थ्य संरक्षण के उद्देश्य से एचपीवी (HPV) टीकाकरण के प्रति जागरूकता बढ़ाने तथा पंजीकरण को प्रोत्साहित करने के लिए जागरूकता सामग्री का वितरण किया गया। इस पहल का उद्देश्य सर्वाइकल कैंसर की रोकथाम के प्रति व्यापक जनजागरूकता स्थापित करना है।
कार्यक्रम के दौरान कानपुर देहात के जिलाधिकारी कपिल सिंह एवं मुख्य विकास अधिकारी विधान जायसवाल को उत्कृष्ट प्रशासनिक कार्यों, जनकल्याणकारी योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन तथा विकास कार्यों में उल्लेखनीय योगदान के लिए राज्यपाल एवं कुलाधिपति आनंदीबेन पटेल ने प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया। यह सम्मान जनपद कानपुर देहात के लिए गौरव का विषय रहा तथा जिले में सुशासन, विकास एवं जनसेवा के क्षेत्र में किए जा रहे उत्कृष्ट कार्यों की राज्य स्तर पर सराहना का प्रतीक बना। समारोह का समापन राष्ट्रगान के साथ हुआ। इस अवसर पर विश्वविद्यालय परिवार, विभिन्न विभागों के अधिकारी, जनप्रतिनिधि, छात्र-छात्राएं तथा बड़ी संख्या में आमंत्रित अतिथि उपस्थित रहे। समारोह गरिमापूर्ण एवं सफलतापूर्वक संपन्न हुआ।





