• Home
  • कानपुर देहात
  • जनपद न्यायाधीश समेत न्यायिक अधिकारियों ने किया वृक्षारोपण

जनपद न्यायाधीश समेत न्यायिक अधिकारियों ने किया वृक्षारोपण

पंडित अनुपम दुबे: कानपुर देहात। माननीय उच्च न्यायालय, इलाहाबाद के निर्देशों के अनुपालन में रविवार को जनपद न्यायाधीश रविंद्र सिंह के नेतृत्व में कचहरी भवन परिसर एवं जज कॉलोनी परिसर में वृक्षारोपण किया गया। इस दौरान न्यायिक अधिकारियों एवं न्याय विभाग के कर्मचारियों ने छायादार, फलदार और औषधीय पौधे लगाए तथा पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। कार्यक्रम का शुभारंभ जनपद न्यायाधीश रविंद्र सिंह ने पौधरोपण कर किया। उन्होंने कहा कि जिस प्रकार न्याय सभी को समान रूप से संरक्षण देता है, उसी प्रकार पेड़ भी बिना किसी भेदभाव के सभी को प्राणवायु प्रदान करते हैं। पर्यावरण संरक्षण आने वाली पीढ़ियों के प्रति हमारी जिम्मेदारी है।

जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के अध्यक्ष एवं जनपद न्यायाधीश रविंद्र सिंह ने न्यायिक एवं विधिक सेवा से जुड़े अधिकारियों और कर्मचारियों से लगाए गए पौधों के संरक्षण का संकल्प भी दिलाया। उन्होंने कहा कि स्वच्छ पर्यावरण प्रत्येक व्यक्ति का अधिकार है और इसकी रक्षा करना सभी का नैतिक दायित्व है। इस अवसर पर अपर जिला जज-13 शरद त्रिपाठी, अपर जिला जज-14 पीयूष तिवारी, अपर जिला जज (कोर्ट संख्या-15) सुरेंद्र सिंह, आनंद प्रिय गौतम सहित जनपद के अन्य न्यायिक अधिकारी एवं न्याय विभाग के कर्मचारी उपस्थित रहे। सभी ने पौधरोपण कर पर्यावरण संरक्षण में सहभागिता निभाने का आह्वान किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Scroll to Top