-
विशेष अभियान में 150 वाहनों के चालान, 16 सीज; बिना नंबर प्लेट की सात बाइक पकड़ी गईं
हाथरस। पुलिस अधीक्षक चिरंजीव नाथ सिन्हा के निर्देशन में शहर क्षेत्र में यातायात पुलिस एवं स्थानीय थाना पुलिस ने संयुक्त रूप से विशेष चेकिंग अभियान चलाया। अभियान के दौरान यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों के विरुद्ध कार्रवाई करते हुए 150 वाहनों के चालान किए गए, जबकि 16 वाहनों को सीज किया गया। टीएसआई अनूप सिंह ने बताया कि अभियान के दौरान बिना नंबर प्लेट चल रही बुलेट, अपाचे, राइडर सहित सात दोपहिया वाहनों को सीज किया गया। इसके अलावा गलत नंबर प्लेट, तीन सवारी, बिना हेलमेट, बिना सीट बेल्ट तथा अन्य यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों के खिलाफ भी कार्रवाई की गई।
कोतवाली सदर एवं हाथरस गेट थाना क्षेत्र सहित जनपद के सभी थाना क्षेत्रों में सीमावर्ती एवं संवेदनशील स्थानों पर बैरियर लगाकर संदिग्ध वाहनों एवं व्यक्तियों की जांच की गई। दुर्घटना संभावित स्थानों पर विशेष निगरानी रखते हुए ओवरलोड वाहन, क्षमता से अधिक सवारी, शराब पीकर वाहन चलाने, ओवरस्पीड तथा अन्य यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध भी कार्रवाई की गई। चेकिंग के दौरान पुलिस ने वाहन चालकों को सड़क सुरक्षा एवं यातायात नियमों के पालन के प्रति जागरूक किया। अधिकारियों ने लोगों से हेलमेट एवं सीट बेल्ट का अनिवार्य रूप से प्रयोग करने तथा यातायात नियमों का पालन कर सुरक्षित यात्रा करने की अपील की।




