• Home
  • फिरोजाबाद
  • व्यापारियों ने विद्युत विभाग के खिलाफ जिला मुख्यालय पर किया प्रदर्शन

व्यापारियों ने विद्युत विभाग के खिलाफ जिला मुख्यालय पर किया प्रदर्शन

फिरोजाबाद। फिरोजाबाद उद्योग व्यापार मंडल ने विद्युत विभाग के खिलाफ जिला मुख्यालय पर धरना देकर विरोध प्रकट किया। व्यापार मंडल के पदाधिकारियों ने मुख्यमंत्री के नाम संबोधित ज्ञापन अपर जिलाधिकारी (वित्त/राजस्व) कल्पना जायसवाल को सौंपा। महानगर अध्यक्ष अंबेश शर्मा के नेतृत्व में व्यापारी पदयात्रा करते हुए जिला मुख्यालय स्थित जिलाधिकारी कार्यालय पहुंचे, जहां व्यापारियों ने विद्युत विभाग के उत्पीड़न के विरोध में धरना देकर विभाग के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। महानगर अध्यक्ष अंबेश शर्मा ने कहा कि आज हम सभी लोग प्रांतीय अध्यक्ष लोकेश अग्रवाल के आह्वान पर जिला मुख्यालय पर विद्युत विभाग के खिलाफ धरना दे रहे हैं। वर्तमान में बिजली विभाग द्वारा लगातार नए-नए नियम बनाकर उपभोक्ताओं का आर्थिक उत्पीड़न किया जा रहा है। बिजली की बढ़ती महंगाई के कारण उत्तर प्रदेश के उद्योग व व्यापार पड़ोसी राज्यों में पलायन करने को मजबूर हो रहे हैं। इस कारण प्रदेश सरकार को आने वाले समय में भारी राजस्व हानि उठानी पड़ेगी।

प्रांतीय मंत्री नरेश पंजाबी ने कहा कि बिजली मीटर के दामों में बेतहाशा वृद्धि की जा रही है। व्यापारियों ने बढ़ी हुई राशि को तत्काल वापस लेने की मांग की। युवा जिलाध्यक्ष दुष्यंत यादव ने कहा कि अवैध रूप से बढ़ाए जा रहे लोड को निरस्त किया जाए। धरना देने वालों में परशुराम गुप्ता, रामगोपाल बजाज, सुभाष यादव, मेघ सिंह पहलवान, स्वतंत्र गुप्ता, सुशील जाट, राजेश शर्मा, मूलचंद राठौर, सुबोध बघेल, संजय शर्मा, राकेश शर्मा, दिलीप दीक्षित, संतोष राठौड़, रेणु कुशवाहा, प्रवीण शर्मा, राजकुमार शर्मा, राधेश्याम, मोहित राठौड़, राजा सिंह प्रजापति, सुनील कुमार, गौरव कुमार, भगवान सिंह, धर्मेंद्र दिनकर आदि मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Scroll to Top