फिरोजाबाद। वृक्षारोपण महापर्व पर जनपद में व्यापक स्तर पर पौधरोपण अभियान चलाया गया। ‘एक पेड़ मां के नाम’ और हरित एवं पर्यावरण अनुकूल अभियान की भावना के साथ जिले में कुल 44 लाख 24 हजार 300 पौधों के रोपण का लक्ष्य पूरा किया गया। मुख्य कार्यक्रम यूपीसीडा परिसर में पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री जयवीर सिंह की अध्यक्षता में आयोजित हुआ। कार्यक्रम में सदर विधायक मनीष असीजा, टूंडला विधायक प्रेमपाल धनगर, जिलाधिकारी संतोष कुमार शर्मा, महापौर कामिनी राठौर, भाजपा जिलाध्यक्ष उदय प्रताप सिंह, मुख्य विकास अधिकारी शत्रोहन वैश्य समेत जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों ने पौधरोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया।
मुख्य अतिथि जयवीर सिंह ने कहा कि विकसित भारत-2047 का सपना तभी साकार होगा, जब आज की पीढ़ी स्वस्थ और स्वच्छ वातावरण में विकसित होगी। उन्होंने बच्चों को एक-एक पौधा लगाने और उसकी देखभाल करने का संकल्प दिलाते हुए कहा कि बढ़ते प्रदूषण और प्राकृतिक आपदाओं से बचाव के लिए वृक्षारोपण सबसे प्रभावी उपाय है। जिलाधिकारी संतोष कुमार शर्मा ने कहा कि इस महाअभियान में समाज के प्रत्येक वर्ग की भागीदारी सुनिश्चित की गई है। मातृशक्ति, दिव्यांगजन, थर्ड जेंडर, प्रधानमंत्री आवास योजना एवं किसान सम्मान निधि के लाभार्थियों को भी अभियान से जोड़ा गया है। उन्होंने जनपदवासियों से पौधे लगाने के साथ उनकी नियमित देखभाल करने की अपील की।
मंत्री जयवीर सिंह ने जिलाधिकारी के साथ राजस्व मापन की नई रोवर पद्धति का भी अवलोकन किया। अभियान का संचालन प्रभागीय वनाधिकारी भानेंद्र सिंह के नेतृत्व में हुआ। इस अवसर पर अपर जिलाधिकारी (नमामि गंगे) मोहनलाल गुप्ता, एसडीएम सदर सत्येंद्र कुमार, मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. रामबदन राम सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित रहे।





