• Home
  • फतेहपुर
  • छात्राओं को महिला सशक्तिकरण के तहत किया गया जागरूक

छात्राओं को महिला सशक्तिकरण के तहत किया गया जागरूक

धाता/फतेहपुर। धाता नगर पंचायत स्थित अटल सभागार में मिशन शक्ति अभियान के अंतर्गत एक जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया, जिसमें छात्राओं को महिला सशक्तिकरण, आत्मरक्षा और कानूनी अधिकारों के प्रति जागरूक किया गया। कार्यक्रम का नेतृत्व धाता थाना प्रभारी योगेश कुमार सिंह ने किया। कार्यक्रम में चौधरी राम रूप सिंह धनराज सिंह इंटर कॉलेज की छात्राएं शामिल हुईं। पुलिस की ओर से छात्राओं को मानसिक सतर्कता, त्वरित निर्णय लेने की क्षमता और आत्मरक्षा के गुर सिखाए गए। कार्यक्रम में कांस्टेबल विभा तिवारी, ममता यादव और उपनिरीक्षक अखिलेश कुमार ने महिला सुरक्षा और मिशन शक्ति अभियान की जानकारी दी। पुलिस टीम ने छात्राओं और महिलाओं को महत्वपूर्ण हेल्पलाइन नंबरों से अवगत कराया, जिनमें शामिल हैं:

  • वूमेन पावर लाइन: 1090
  • महिला हेल्पलाइन: 181
  • पुलिस आपातकालीन सेवा: 112
  • मुख्यमंत्री हेल्पलाइन: 1076
  • चाइल्ड हेल्पलाइन: 1098

साथ ही, छात्राओं को गुड टच और बैड टच की जानकारी देकर बच्चों को यौन शोषण से बचाव के प्रति जागरूक किया गया। कार्यक्रम में घरेलू हिंसा, दहेज उत्पीड़न, और महिला सुरक्षा कानूनों की भी जानकारी दी गई। इसके अलावा एंटी रोमियो टीम द्वारा स्थानीय विद्यालयों, दुर्गा पूजा पंडालों और गांवों में चेकिंग अभियान चलाया गया। संदिग्ध व्यक्तियों से पूछताछ की गई और एक मनचले से माफीनामा भरवाया गया, जिससे महिलाओं की सुरक्षा को लेकर एक सख्त संदेश दिया गया। कार्यक्रम में धाता नगर पंचायत अध्यक्ष रेखा सरोज, इंटर कॉलेज के प्रधानाचार्य अजीत सिंह, शिक्षक-शिक्षिकाएं, तथा थाना धाता का पूरा स्टाफ मौजूद रहा। थाना प्रभारी योगेश कुमार सिंह ने कहा कि मिशन शक्ति का उद्देश्य महिलाओं और बालिकाओं में आत्मविश्वास पैदा करना है, ताकि वे किसी भी प्रकार के उत्पीड़न के खिलाफ डटकर खड़ी हो सकें और समय पर उचित कार्रवाई कर सकें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Scroll to Top