• Home
  • फतेहपुर
  • संदिग्ध मौत मामले में नए खुलासे, भाभी का वीडियो बयान वायरल

संदिग्ध मौत मामले में नए खुलासे, भाभी का वीडियो बयान वायरल

खखरेरू/फतेहपुर। खखरेरू क्षेत्र के अहिल्याबाई होलकर (कनपुरवा) में युवक मोहम्मद पीरू की संदिग्ध मौत के मामले में नए पहलू सामने आ रहे हैं। घटना के बाद पूरे इलाके में चर्चाओं का दौर जारी है। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराकर जांच तेज कर दी है। जानकारी के अनुसार करीब 30 वर्षीय मोहम्मद पीरू अपने बड़े भाई सफीक अहमद और भाभी खुर्शीदा बानो के साथ पिछले लगभग 20 वर्षों से कनपुरवा स्थित ननिहाल में रह रहा था। परिवार मूल रूप से सरकंडी गांव का निवासी बताया जा रहा है। घटना की रात पीरू संदिग्ध परिस्थितियों में घर से लापता हो गया था और अगले दिन उसकी मौत की सूचना मिली।

घटना के बाद गांव में हत्या और आत्महत्या दोनों तरह की आशंकाओं को लेकर तरह-तरह की चर्चाएं हो रही हैं। इसी बीच मृतक की भाभी खुर्शीदा बानो का एक वीडियो बयान सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है, जिसमें वह मृतक को अपना पति बताने और एक बच्चे के होने का दावा कर रही हैं। इस बयान के सामने आने के बाद मामला और संवेदनशील हो गया है। मृतक के बड़े भाई सफीक अहमद ने पुलिस को दी तहरीर में इसे आत्महत्या बताया है, जबकि भाभी ने कुछ लोगों पर संदेह जताते हुए अलग आशंका व्यक्त की है। ग्रामीणों के अनुसार पारिवारिक संबंधों को लेकर पहले से तनाव की स्थिति बनी हुई थी, जिसके चलते विभिन्न कयास लगाए जा रहे हैं।

बताया जा रहा है कि सफीक अहमद लंबे समय तक मुंबई में कार्यरत थे। इसी दौरान मृतक और भाभी के बीच संबंधों की चर्चाएं रहीं। करीब छह माह पहले गांव लौटने के बाद सफीक अहमद के मृतक के साथ संबंध सामान्य नहीं थे। घटना की रात युवक के घर से गायब होने के बाद परिजनों द्वारा तलाश किए जाने की बात भी सामने आई है। इस संबंध में थाना प्रभारी विद्या प्रकाश सिंह ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट में फांसी लगने का मामला सामने आया है। पुलिस पूरे प्रकरण की जांच कर रही है और तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Scroll to Top