
ऊंचाहार, रायबरेली। करवा चौथ का पावन पर्व शुक्रवार को रोहिणी नक्षत्र में देशभर में आस्था और उत्साह के साथ मनाया गया। शाम ढलते ही ऊंचाहार में घरों की छतों पर सुहागिनों की चहल-पहल बढ़ गई। सोलह श्रृंगार में सजी महिलाएं चांद के दीदार के लिए आतुर दिखीं। व्रत की कथा सुनने के दौरान महिलाओं में उत्सुकता और आस्था का अद्भुत संगम देखने को मिला। इस विशेष पर्व को लेकर महिलाओं में काफी उत्साह देखा गया। जैसे ही चांद की पहली किरणें आसमान में दिखीं, महिलाओं ने चंद्रदेव का दर्शन कर उन्हें अर्घ्य दिया और अखंड सौभाग्य का वर मांगा।

जिले में सुहागिन महिलाओं ने रात करीब 8:15 बजे चंद्रदेव के दर्शन के बाद पूजा संपन्न की। पूजा के उपरांत, महिलाओं ने छलनी की ओट में पहले चंद्रमा और फिर अपने पतियों का चेहरा देखकर अपना निर्जला व्रत पूर्ण किया। पतियों ने अपनी पत्नियों को पानी पिलाकर उनका उपवास खुलवाया। इस तरह आस्था और प्रेम के साथ करवा चौथ का यह विशेष पर्व मनाया गया। एनटीपीसी ऊंचाहार के आवासीय परिसर में भी महिलाओं ने करवा चौथ पर विधि-विधान से पूजन किया। नगर पंचायत अध्यक्ष प्रतिनिधि कृष्ण जायसवाल ने भी पूजन पश्चात अपनी तस्वीर साझा की।
