• Home
  • रायबरेली
  • पटेल जयंती पर राष्ट्र चेतना जगाने गांव-गांव, गली-गली में निकलेगी पदयात्रा

पटेल जयंती पर राष्ट्र चेतना जगाने गांव-गांव, गली-गली में निकलेगी पदयात्रा

ऊंचाहार, रायबरेली। सरदार वल्लभभाई पटेल की 150वीं जयंती पर भारतीय जनता पार्टी राष्ट्र चेतना जागृत करने के लिए गांव-गांव और शहर-शहर तक पदयात्रा सहित विभिन्न कार्यक्रम आयोजित करेगी। यह जानकारी मंगलवार को पार्टी के क्षेत्रीय अध्यक्ष भगवती प्रसाद रावत के नेतृत्व में हुई बैठक के बाद ओबीसी मोर्चा के प्रांतीय मंत्री अभिलाष चन्द्र कौशल ने दी।
अभिलाष कौशल ने बताया कि यह पदयात्रा राष्ट्र चेतना जगाने का अभियान है। सरदार पटेल ने बिखरे हुए भारत को एक सूत्र में पिरोकर अखंड भारत का निर्माण किया। उनकी इच्छा शक्ति लौह जैसी थी और उनका विश्वास था कि भारत एक है, अखंड है और सदैव अखंड रहेगा। इसी भावना को आगे बढ़ाने के लिए 31 अक्टूबर से 25 नवंबर तक जिला स्तर पर 8 से 10 किलोमीटर की पदयात्राएं निकाली जाएंगी।
उन्होंने बताया कि प्रत्येक लोकसभा क्षेत्र में तीन पदयात्राएं होंगी, जिनमें सांसद स्वयं युवाओं के साथ गांव-गांव और गली-गली पहुंचेंगे। इस अभियान में माय भारत के साथ-साथ एनसीसी और एनएसएस के युवा कंधे से कंधा मिलाकर शामिल होंगे। राजनीति से इतर सेवानिवृत्त प्रशासनिक अधिकारी, सैन्य अधिकारी, राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ी तथा समाज के सम्मानित लोग भी पदयात्रा में भाग लेंगे।
यह पदयात्रा जनजागरण का महायज्ञ होगी, जो लोगों के दिलों को जोड़ेगी और क्षेत्रीय संस्कृति के गौरव को प्रदर्शित करेगी। अभियान का सबसे बड़ा अध्याय संविधान दिवस 26 नवंबर को शुरू होगा। इस दिन सरदार पटेल की जन्मभूमि करमसद से एकता के प्रतीक स्टैच्यू ऑफ यूनिटी केवडिया तक 152 किलोमीटर की ऐतिहासिक पदयात्रा निकाली जाएगी, जिसमें हजारों पदयात्री शामिल होंगे।
इस दौरान वोकल फॉर लोकल और आत्मनिर्भर भारत का संदेश युवाओं तक पहुंचाया जाएगा। अभिलाष कौशल ने कहा कि सरदार पटेल ने भारत के नक्शे को जोड़ा था, अब हमें भारत के दिलों को जोड़ना है। यही अखंड भारत के स्वप्न को आत्मनिर्भर और विकसित भारत के रूप में साकार करेगा।
बैठक में ओबीसी मोर्चा के जिलाध्यक्ष राधेश्याम सोनी, गुड्डन यादव, मुन्ना सिंह चौहान, निर्मल पेड़ीवाल, मनीष कौशल समेत बड़ी संख्या में पार्टी कार्यकर्ता और पदाधिकारी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Scroll to Top