रायबरेली। आधुनिक रेल डिब्बा कारखाना (आरेडिका) रायबरेली में सतर्कता जागरूकता सप्ताह-2025 का आयोजन महाप्रबंधक प्रशांत कुमार मिश्रा के मार्गदर्शन एवं मुख्य सतर्कता अधिकारी एवं वरिष्ठ उप महाप्रबंधक अकमल वदूद के नेतृत्व में किया जा रहा है। इस कार्यक्रम का उद्देश्य नीतिपरक कार्य पद्धतियों को अपनाना, ईमानदारी और सत्यनिष्ठा की संस्कृति को प्रोत्साहित करना है। यह सप्ताह 27 अक्टूबर से 2 नवंबर 2025 तक मनाया जा रहा है।
सतर्कता जागरूकता सप्ताह-2025 की थीम “सतर्कता हमारी साझा जिम्मेदारी” के अंतर्गत सतर्कता विभाग द्वारा कर्मचारियों और अधिकारियों को जागरूक करने के लिए विविध कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। 29 अक्टूबर को गणेश इंटर कॉलेज ऐहार एवं केंद्रीय विद्यालय आरेडिका में सतर्कता शपथ, व्याख्यान, निबंध लेखन और कार्टून-पोस्टर प्रतियोगिताएं आयोजित की गईं, जिनमें बच्चों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की।
30 अक्टूबर को मैराथन दौड़ और अधिकारियों एवं कर्मचारियों के लिए प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिताएं आयोजित की गईं, जिनमें सभी ने सक्रिय भाग लिया। इस अवसर पर कोंकण रेलवे कॉर्पोरेशन लिमिटेड के भंडार नियंत्रक अरुण मेहता ने “रीसेंट चेंज इन पब्लिक प्रोक्योरमेंट पॉलिसीज – विजिलेंस पर्सपेक्टिव” विषय पर व्याख्यान दिया। उन्होंने सार्वजनिक खरीद नीतियों में हालिया बदलावों पर प्रकाश डालते हुए प्रोक्योरमेंट प्रक्रिया में सावधानियों और जीएफआर नियमों के पालन से संबंधित केस स्टडीज साझा कीं।
इस अवसर पर मुख्य सतर्कता अधिकारी एवं एसडीजीएम अकमल वदूद, प्रधान मुख्य यांत्रिक अभियंता विवेक खरे, मुख्य प्रशासनिक अधिकारी रवीश कुमार, प्रधान वित्त सलाहकार बी.एल. मीना, प्रधान मुख्य विद्युत अभियंता मनोज कुमार जिंदल, प्रधान मुख्य कार्मिक अधिकारी रूपेश श्रीवास्तव, प्रधान मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. आभा जैन, प्रधान मुख्य सुरक्षा आयुक्त रमेश चंद्र सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे। उक्त जानकारी आर.एन. तिवारी, मुख्य जन संपर्क अधिकारी, आरेडिका द्वारा प्रदान की गई।
सतर्कता जागरूकता सप्ताह 2025 के तहत आरेडिका में सतर्कता जागरूकता कार्यक्रमों का आयोजन





