रायबरेली। आधुनिक रेल डिब्बा कारखाना (आरेडिका) में आज सरदार वल्लभभाई पटेल की 150वीं जयंती के अवसर पर महाप्रबंधक प्रशान्त कुमार मिश्रा ने प्रधान विभागाध्यक्षों और विभागाध्यक्षों के साथ राष्ट्रीय एकता की शपथ ग्रहण की। इसके साथ ही अन्य अधिकारियों और कर्मचारियों ने अपने कार्यस्थल पर उप मुख्य विभागाध्यक्षों के नेतृत्व में राष्ट्रीय एकता शपथ ली।
आरेडिका खेलकूद संघ और कार्मिक विभाग द्वारा “रन फॉर यूनिटी” दौड़ का आयोजन किया गया, जिसमें अधिकारियों, कर्मचारियों, रेलवे सुरक्षा बल, उत्तर प्रदेश पूर्व सैनिक कल्याण निगम के जवानों, बच्चों और महिलाओं ने बढ़-चढ़कर भाग लिया। महाप्रबंधक ने सभी प्रतिभागियों को राष्ट्र की एकता और अखंडता की शपथ दिलाई और सरदार पटेल के दूरदर्शी योगदान और कार्यों के बारे में जानकारी दी।
ज्ञात हो कि 31 अक्टूबर को सरदार वल्लभभाई पटेल की जयंती को “राष्ट्रीय एकता दिवस” के रूप में पूरे देश में मनाया जाता है और इस दिन रन फॉर यूनिटी का आयोजन भी किया जाता है।
इस अवसर पर आरेडिका के प्रधान मुख्य यांत्रिक अभियंता विवेक खरे, प्रधान वित्त सलाहकार बीएल मीना, प्रधान मुख्य विद्युत अभियंता मनोज कुमार जिंदल, मुख्य प्रशासनिक अधिकारी रवीश कुमार, प्रधान मुख्य कार्मिक अधिकारी रूपेश श्रीवास्तव, प्रधान मुख्य अभियंता एसपी यादव, प्रधान मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. आभा जैन, मुख्य सतर्कता अधिकारी एवं एसडीजीएम अकमल वदूद, प्रधान मुख्य सुरक्षा आयुक्त रमेश चन्द्र सहित अन्य अधिकारियों ने सहभागिता की। उक्त जानकारी आरेडिका के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी आर एन तिवारी ने दी।
आरेडिका में राष्ट्रीय एकता शपथ और रन फॉर यूनिटी का आयोजन





