रायबरेली। आधुनिक रेल डिब्बा कारखाना (आरेडिका), रायबरेली में सतर्कता जागरूकता सप्ताह-2025 का आयोजन 27 अक्टूबर से 2 नवंबर 2025 तक किया गया। इस अवसर पर महाप्रबंधक सभागार में आयोजित कार्यक्रम के दौरान महाप्रबंधक प्रशांत कुमार मिश्रा ने सतर्कता बुलेटिन के दसवें संस्करण का विमोचन किया।
इस दौरान सतर्कता विभाग द्वारा सप्ताह भर चलाए गए जागरूकता कार्यक्रमों का सारांश प्रस्तुत किया गया। मुख्य सतर्कता अधिकारी एवं एसडीजीएम अकमल वदूद ने प्रेजेंटेशन के माध्यम से सतर्कता से जुड़ी उपयोगी जानकारी साझा की। बुलेटिन में आरेडिका के अधिकारियों एवं कर्मचारियों द्वारा लिखे गए लेख, कार्टून, प्रकरण अध्ययन और कविताएँ शामिल हैं, जिनका उद्देश्य लोगों को सतर्कता और ईमानदारी के प्रति जागरूक करना है।
कार्यक्रम में प्रधान मुख्य यांत्रिक अभियंता विवेक खरे, प्रधान वित्त सलाहकार बी.एल. मीना, प्रधान मुख्य विद्युत अभियंता मनोज कुमार जिंदल, मुख्य प्रशासनिक अधिकारी रवीश कुमार, प्रधान मुख्य कार्मिक अधिकारी रूपेश श्रीवास्तव, प्रधान मुख्य अभियंता एस.पी. यादव, प्रधान मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. आभा जैन, तथा प्रधान मुख्य सुरक्षा आयुक्त रमेश चन्द्र सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।
सप्ताह के दौरान ग्राहक/ठेकेदार शिकायत निवारण शिविर पर एक वेबिनार का आयोजन भी किया गया, जिसमें मुख्य सामग्री प्रबंधक एस.के. झा ने मुख्य वक्ता के रूप में भाग लिया। उन्होंने ठेकेदारों की शिकायत निवारण प्रक्रिया पर विस्तृत जानकारी दी। उपस्थित विक्रेताओं ने सक्रिय रूप से भाग लिया और अपनी शिकायतें साझा कीं, जिनके त्वरित निस्तारण का आश्वासन दिया गया।
इसी क्रम में “सतर्कता हमारी साझा ज़िम्मेदारी” विषय पर शॉपिंग कॉम्प्लेक्स में नुक्कड़ नाटक का भी आयोजन किया गया। आरेडिका परिसर के निवासियों ने बड़ी संख्या में भाग लेकर इस कार्यक्रम को सफल बनाया। नाटक ने लोगों को भ्रष्टाचार मुक्त कार्यसंस्कृति और नैतिक आचरण के प्रति प्रेरित किया। उक्त जानकारी आर.एन. तिवारी, मुख्य जनसंपर्क अधिकारी, आरेडिका द्वारा प्रदान की गई।
आरेडिका में सतर्कता बुलेटिन के दसवें संस्करण का विमोचन





