मथुरा। नागरिक सुरक्षा विभाग का 63वां स्थापना दिवस कलेक्ट्रेट प्रांगण स्थित नागरिक सुरक्षा कार्यालय में उत्साहपूर्वक मनाया गया। कार्यक्रम की शुरुआत जिलाधिकारी एवं नियंत्रक नागरिक सुरक्षा चन्द्र प्रकाश सिंह द्वारा ध्वजारोहण कर की गई। इसके बाद जिलाधिकारी ने उपस्थित सभी वैतनिक और अवैतनिक वार्डेन तथा स्वयंसेवकों को कर्तव्यनिष्ठा और सेवाभाव की शपथ दिलाई।
जिलाधिकारी चन्द्र प्रकाश सिंह ने नागरिक सुरक्षा संगठन की प्रशंसा करते हुए कहा कि इसके स्वयंसेवक बिना किसी लालच या स्वार्थ के विभिन्न मेलों, पर्वों तथा प्रशासन द्वारा सौंपे गए कार्यों में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उन्होंने कहा कि नागरिक सुरक्षा संगठन उन परिस्थितियों में भी कार्य करता है, जहाँ अन्य संस्थाएं अक्सर नहीं पहुंच पातीं, क्योंकि इसके स्वयंसेवक निष्काम भाव से सेवा करते हैं, और यही सेवा बेहतर परिणाम लेकर आती है।
स्थापना दिवस समारोह में वर्ष 2025 के दौरान उत्कृष्ट कार्य करने वाले वार्डेन, सेवा पदाधिकारियों और स्वयंसेवकों को प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम के अंत में चीफ वार्डेन राजीव अग्रवाल ने सभी उपस्थित वैतनिक और अवैतनिक पदाधिकारियों का आभार व्यक्त किया। उन्होंने आश्वासन दिया कि भविष्य में भी जिला प्रशासन द्वारा सौंपे गए कार्यों और कार्यक्रमों में नागरिक सुरक्षा संगठन अपनी सक्रिय और प्रभावी भागीदारी सुनिश्चित करता रहेगा।
इस अवसर पर पूर्व डिप्टी चीफ वार्डेन कल्याण दास अग्रवाल, डिवीजनल वार्डेन भारत भूषण तिवारी, डिप्टी डिवीजनल वार्डेन राजेश कुमार मित्तल, घटना नियंत्रण अधिकारी सचिन कुमार अग्रवाल, पोस्ट वार्डेन अशोक यादव, डॉ. महेश चन्द्र शर्मा और गिरीश वाष्र्णेय सहित लगभग 80 वार्डेन, पदाधिकारी और स्वयंसेवक उपस्थित रहे।
कार्यक्रम का संचालन दीपक चतुर्वेदी, बैकर स्टाफ ऑफिसर टू चीफ वार्डेन, नागरिक सुरक्षा मथुरा द्वारा किया गया। वैतनिक स्टाफ में वरिष्ठ सहायक जगदीश सिंह, कनिष्ठ सहायक आलोक व्यास, वाहन चालक राकेश कुमार, जबर सिंह और रिंकी यादव भी उपस्थित रहे।





