• Home
  • मथुरा
  • मुड़िया पूर्णिमा मेला 2026 : श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए आगरा मंडल की व्यापक तैयारियां

मुड़िया पूर्णिमा मेला 2026 : श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए आगरा मंडल की व्यापक तैयारियां

श्याम बिहारी भार्गव: मथुरा। मुड़िया पूर्णिमा मेले के दौरान मथुरा एवं गोवर्धन आने वाले लाखों श्रद्धालुओं की सुरक्षित, सुगम और सुविधाजनक यात्रा सुनिश्चित करने के लिए आगरा मंडल रेलवे द्वारा व्यापक व्यवस्थाएं की गई हैं। मंडल रेल प्रबंधक आगरा गगन गोयल के निर्देशन में सभी संबंधित विभागों के समन्वय से मेला अवधि के दौरान विशेष प्रबंध लागू किए गए हैं। यात्रियों की सुविधा और भीड़ प्रबंधन को ध्यान में रखते हुए वाणिज्य विभाग की ओर से लगभग 80 कर्मचारियों की विशेष ड्यूटी लगाई गई है। इसमें टिकट चेकिंग एवं बुकिंग स्टाफ के साथ वाणिज्य निरीक्षक शामिल हैं। इनमें मथुरा जंक्शन पर लगभग 55 कर्मचारी और गोवर्धन रेलवे स्टेशन पर 15 कर्मचारी तैनात किए गए हैं। शेष कर्मचारियों को आवश्यकता के अनुसार विभिन्न स्थानों पर लगाया गया है।

टिकट व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने के लिए मथुरा जंक्शन रेलवे स्टेशन पर 21 अतिरिक्त टिकट काउंटर संचालित किए जाएंगे। इनमें प्रथम प्रवेश द्वार पर 8, द्वितीय प्रवेश द्वार पर 6 तथा तृतीय प्रवेश द्वार पर 4 अतिरिक्त काउंटर खोले गए हैं। इसके अलावा 3 टिकट काउंटर रिजर्व रखे गए हैं, जिन्हें यात्रियों की संख्या बढ़ने पर तत्काल शुरू किया जाएगा। वहीं, गोवर्धन रेलवे स्टेशन पर भी 4 अतिरिक्त टिकट काउंटर संचालित किए जाएंगे। श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए मथुरा जंक्शन के प्रथम, द्वितीय (मालगोदाम की ओर) एवं तृतीय (धौली प्याऊ) प्रवेश द्वारों पर पर्याप्त यात्री शेड, हेल्प डेस्क और सूचना केंद्र स्थापित किए गए हैं। यात्रियों के मार्गदर्शन, गुमशुदा सूचना, टिकट संबंधी सहायता एवं भीड़ नियंत्रण के लिए रेलवे कर्मचारी लगातार उपलब्ध रहेंगे। मथुरा जंक्शन रेलवे स्टेशन पर 24 घंटे चिकित्सा शिविर, प्राथमिक उपचार केंद्र और एंबुलेंस सेवा उपलब्ध रहेगी, जिससे किसी भी आपात स्थिति में श्रद्धालुओं को तत्काल चिकित्सा सुविधा मिल सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Scroll to Top