-
आगरा मंडल में रेल मदद ऐप के जरिए यात्रियों को मिल रही त्वरित सहायता
आगरा/मथुरा। मंडल रेल प्रबंधक आगरा गगन गोयल के निर्देशन में यात्रियों की सुविधा के लिए रेलवे द्वारा ‘रेल मदद’ ऐप की 24×7 सेवा उपलब्ध कराई जा रही है। ट्रेन यात्रा के दौरान आने वाली शिकायतों पर रेल मदद ऐप एवं सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ (पूर्व में ट्विटर) के माध्यम से लगातार निगरानी रखी जा रही है, जिससे यात्रियों को तत्काल सहायता उपलब्ध कराई जा सके। यात्री रेल मदद ऐप के माध्यम से ट्रेन में साफ-सफाई, पेयजल की उपलब्धता, बुजुर्ग यात्रियों के लिए निचली बर्थ की व्यवस्था, दवा, बच्चों के लिए दूध तथा किसी भी प्रकार की चिकित्सीय सहायता सहित अन्य सुविधाओं के लिए शिकायत दर्ज करा सकते हैं। आगरा मंडल में जून 2026 के दौरान रेल मदद ऐप पर प्राप्त 2566 शिकायतों का औसतन 25 मिनट में निस्तारण किया गया। वहीं, 6 जुलाई से 12 जुलाई 2026 के बीच प्राप्त 903 शिकायतों का औसतन 19 मिनट में समाधान किया गया। प्रमुख मामलों में ट्रेन संख्या 12752 जम्मू तवी–नांदेड़ एक्सप्रेस में यात्रा कर रहे एक यात्री ने आंख में धूल चले जाने से जलन की शिकायत दर्ज कराई। सूचना मिलते ही आगरा कैंट स्टेशन पर मेडिकल टीम को भेजकर यात्री को आवश्यक उपचार उपलब्ध कराया गया। इसी प्रकार ट्रेन संख्या 19037 अवध एक्सप्रेस में यात्रा कर रही एक महिला यात्री ने मासिक धर्म के दौरान अत्यधिक रक्तस्राव एवं दर्द की शिकायत दर्ज कराई। सूचना प्राप्त होते ही आगरा ईदगाह स्टेशन पर मेडिकल टीम ने आवश्यक दवा एवं चिकित्सा सहायता उपलब्ध कराई। वहीं, ट्रेन संख्या 11078 झेलम एक्सप्रेस में यात्रा कर रहे एक यात्री को अस्थमा का दौरा पड़ने की सूचना मिलने पर मथुरा जंक्शन पर डॉक्टर एवं मेडिकल टीम की व्यवस्था कर तत्काल उपचार उपलब्ध कराया गया। उपचार के बाद यात्रियों ने रेलवे हेल्पलाइन की प्रभावी कार्यप्रणाली, त्वरित प्रतिक्रिया तथा रेलवे कर्मचारियों की संवेदनशीलता एवं तत्परता की सराहना करते हुए रेलवे का आभार व्यक्त किया।





