श्याम बिहारी भार्गव: आगरा/मथुरा। मंडल रेल प्रबंधक आगरा गगन गोयल के दिशा-निर्देशन एवं वरिष्ठ मंडल सुरक्षा आयुक्त पी. राज मोहन के निर्देशन में आगरा मंडल में आरपीएफ द्वारा अप्रैल से जून 2026 तक यात्रा के दौरान महिला यात्रियों की सहायता के लिए ऑपरेशन ‘मेरी सहेली’ चलाया जा रहा है। इस अभियान के तहत आरपीएफ की टीमों ने कुल 64,800 महिला यात्रियों को सहायता प्रदान की है। रेल प्रशासन द्वारा ट्रेनों में अकेले यात्रा करने वाली महिलाओं को यात्रा के दौरान किसी भी प्रकार की परेशानी न हो और वे सुरक्षित अपने गंतव्य तक पहुंच सकें, इसके लिए ‘मेरी सहेली’ योजना संचालित की जा रही है। यह योजना लंबी दूरी की ट्रेनों में लागू है।
जनसंपर्क अधिकारी संजय कुमार गौतम ने बताया कि ‘मेरी सहेली’ योजना के तहत अकेली महिला यात्रियों की यात्रा संबंधी पूरी जानकारी ट्रेन के प्रारंभिक स्टेशन से ही अगले नामित स्टेशनों पर तैनात रेलवे सुरक्षा बल की महिला कर्मियों को उपलब्ध कराई जाती है। ट्रेन के स्टेशन पर पहुंचते ही ‘मेरी सहेली’ की टीम महिला यात्रियों से संपर्क कर उनकी समस्याओं की जानकारी लेती है और उन्हें दूर करने का पूरा प्रयास करती है। इस पहल से अकेले यात्रा करने वाली महिलाएं स्वयं को अधिक सुरक्षित महसूस कर रही हैं। अभियान के तहत महिला कांस्टेबलों की ड्यूटी लगाई गई है, जो आगरा मंडल से गुजरने वाली ट्रेनों की निगरानी कर महिला यात्रियों को सुरक्षा एवं सहायता प्रदान कर रही हैं।





