श्याम बिहारी भार्गव: आगरा/मथुरा। आगरा मंडल रेल प्रशासन द्वारा यात्रियों को सुगम, सुरक्षित और सम्मानजनक यात्रा अनुभव उपलब्ध कराने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल करते हुए आगरा छावनी (आगरा कैंट) रेलवे स्टेशन पर बैटरी ऑपरेटेड कार सेवा की शुरुआत की गई है। यह सेवा मंडल रेल प्रबंधक गगन गोयल के मार्गदर्शन तथा वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक अंकित गुप्ता के निर्देशन में प्रारंभ की गई। शुभारंभ के अवसर पर स्टेशन निदेशक संतोष कुमार त्रिपाठी सहित संबंधित कंपनी सुधीर पूर्वे एंटरप्राइजेज, दरभंगा के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।
यह सुविधा विशेष रूप से वरिष्ठ नागरिकों, दिव्यांगजनों, अस्वस्थ यात्रियों, महिलाओं, छोटे बच्चों के साथ यात्रा करने वाले परिवारों तथा भारी सामान लेकर यात्रा करने वाले यात्रियों के लिए शुरू की गई है। इसके माध्यम से यात्रियों को स्टेशन परिसर और प्लेटफॉर्मों के बीच आवागमन में सुविधा मिलेगी और उन्हें लंबी दूरी पैदल नहीं तय करनी होगी। प्रारंभिक चरण में इस सेवा के लिए दो बैटरी चालित कारें उपलब्ध कराई गई हैं। यह सुविधा 24×7 उपलब्ध रहेगी। यात्रियों से प्रति व्यक्ति 50 रुपये तथा पूरी कार बुक करने पर 180 रुपये शुल्क निर्धारित किया गया है।
इस सेवा का संचालन का ठेका तीन वर्ष के लिए सुधीर पूर्वे एंटरप्राइजेज, दरभंगा को दिया गया है, जो 29 जून 2026 से 28 जून 2029 तक प्रभावी रहेगा। इससे रेलवे को प्रतिवर्ष 8.35 लाख रुपये तथा तीन वर्षों में लगभग 25 लाख रुपये का राजस्व प्राप्त होने की संभावना है। जनसंपर्क अधिकारी एवं सहायक वाणिज्य प्रबंधक संजय कुमार गौतम ने बताया कि आगरा मंडल का उद्देश्य यात्रियों, विशेषकर वरिष्ठ नागरिकों और दिव्यांगजनों, को आधुनिक और सुविधाजनक सेवाएं उपलब्ध कराकर उनकी यात्रा को अधिक आरामदायक और यात्री-अनुकूल बनाना है।










