श्याम बिहारी भार्गव: आगरा/मथुरा। आगामी त्योहारों एवं मेलों के मद्देनजर आगरा कैंट स्टेशन एवं मथुरा जंक्शन पर संभावित भीड़ को सुव्यवस्थित ढंग से प्रबंधित करने के उद्देश्य से मंडल कार्यालय में एक बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता प्रधान मुख्य सुरक्षा आयुक्त/प्रयागराज प्रदीप कुमार गुप्ता एवं मंडल रेल प्रबंधक/आगरा गगन गोयल द्वारा संयुक्त रूप से की गई। बैठक में सिविल पुलिस, जीआरपी, नागरिक प्रशासन एवं रेलवे प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारियों ने सहभागिता की। बैठक का मुख्य उद्देश्य भीड़ प्रबंधन को और अधिक प्रभावी बनाने, प्रतीक्षा क्षेत्रों के माध्यम से पहुंच नियंत्रण सुनिश्चित करने तथा स्टेशन परिसरों के भीतर एवं आसपास यातायात व्यवस्था को सुव्यवस्थित करने हेतु एक व्यापक रणनीति तैयार करना था।
विचार-विमर्श के दौरान प्रतीक्षा क्षेत्रों (होल्डिंग एरिया) के निर्माण पर विस्तार से चर्चा की गई। इन प्रतीक्षा क्षेत्रों का उद्देश्य अधिक भीड़ की स्थिति में यात्रियों की सुरक्षित, नियंत्रित एवं व्यवस्थित आवाजाही सुनिश्चित करना है, जिससे भीड़भाड़ में कमी आए और सुरक्षा स्तर में वृद्धि हो।
चर्चा के प्रमुख बिंदु इस प्रकार रहे—
- यात्रियों के नियंत्रित प्रवेश एवं निकास हेतु सुनियोजित प्रतीक्षा क्षेत्रों का विकास
- स्टेशन परिसर में ऑटो एवं टैक्सी पार्किंग व्यवस्था का समुचित विनियमन
- बढ़ती यात्री संख्या के अनुरूप टिकटिंग व्यवस्था को सुदृढ़ करना
- पेयजल, स्वच्छता एवं बैठने जैसी मूलभूत यात्री सुविधाओं में सुधार
- आगमन एवं निकास मार्गों को सुव्यवस्थित कर यात्री आवागमन को सुगम बनाना
बैठक में सभी व्यवस्थाओं को पूर्णतः यात्री-केंद्रित बनाने पर विशेष बल दिया गया, जिसमें सुरक्षा, सुविधा एवं सुगम यात्रा को प्राथमिकता दी गई। आगामी त्योहारी सीजन में यात्रियों की संभावित वृद्धि को ध्यान में रखते हुए सभी संबंधित विभागों के बीच समन्वित कार्य योजना पर भी चर्चा की गई। सभी विभागों को योजनाओं के समयबद्ध क्रियान्वयन हेतु आपसी समन्वय बनाए रखने के निर्देश दिए गए। बैठक में उपस्थित सभी विभागों के अधिकारियों ने पूर्ण सहयोग का आश्वासन देते हुए प्रस्तावित कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर पूरा करने एवं सुरक्षित, सुचारु एवं कुशल रेल संचालन सुनिश्चित करने की प्रतिबद्धता व्यक्त की।
इस अवसर पर अपर मंडल रेल प्रबंधक आगरा गिरीश कुमार गुप्ता, वरिष्ठ मंडल संकेत एवं दूरसंचार इंजीनियर समन्वय सुबोध राजपूत, वरिष्ठ मंडल इंजीनियर समन्वय शैलेश कुमार, वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक अंकित गुप्ता, वरिष्ठ मंडल सुरक्षा आयुक्त पी. राज मोहन, वरिष्ठ मंडल विद्युत इंजीनियर (सामान्य) आर. के. बघेला, मंडल इंजीनियर मुख्यालय अनादि मित्तल, स्टेशन निदेशक आगरा कैंट संतोष त्रिपाठी, सहायक सुरक्षा आयुक्त टी. के. अग्निहोत्री एवं अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।





