मथुरा। रजिस्ट्री कार्यालय में ऑनलाइन रजिस्ट्री सिस्टम के निजीकरण के विरोध में धरना दे रहे निबंधन कार्यालय से जुड़े कातिबों, स्टांप वेंडरों और मुंशियों को कांग्रेस पार्टी का समर्थन मिला। जिला कांग्रेस अध्यक्ष मुकेश धनगर धरनास्थल पर पहुंचे और प्रदर्शनकारियों की मांगों का समर्थन करते हुए प्रदेश सरकार के निर्णय पर सवाल उठाए। धरने को संबोधित करते हुए जिला कांग्रेस अध्यक्ष मुकेश धनगर ने कहा कि उत्तर प्रदेश सरकार द्वारा रजिस्ट्री प्रक्रिया की ऑनलाइन प्रणाली का निजीकरण किया जाना दुर्भाग्यपूर्ण है। उन्होंने कहा कि निजीकरण से व्यवस्था की पारदर्शिता पर सवाल खड़े होना स्वाभाविक है। वर्तमान में बढ़ती बेरोजगारी और महंगाई के बीच सरकार दस्तावेज लेखकों, स्टांप वेंडरों और मुंशियों की आजीविका पर प्रतिकूल प्रभाव डाल रही है।
उन्होंने कहा कि ऑनलाइन रजिस्ट्री प्रणाली के निजीकरण से रजिस्ट्री कार्यालयों से जुड़े हजारों लोगों के सामने रोजगार का संकट खड़ा हो जाएगा, जिससे उनके परिवारों की आजीविका प्रभावित होगी। कांग्रेस पार्टी इस निर्णय का पुरजोर विरोध करती है और प्रदेश सरकार से इसे तत्काल वापस लेने की मांग करती है। मुकेश धनगर ने कहा कि कांग्रेस हमेशा श्रमिकों, कर्मचारियों और छोटे व्यवसायियों के हितों की रक्षा के लिए संघर्ष करती रही है और आगे भी उनके साथ खड़ी रहेगी। इस दौरान जिला कांग्रेस उपाध्यक्ष आदित्य तिवारी एडवोकेट, अश्वनी शुक्ला एडवोकेट, दीपक दीक्षित एडवोकेट, करन निषाद, गौरांग अग्रवाल सहित अन्य कांग्रेस कार्यकर्ता एवं धरनारत कर्मचारी मौजूद रहे।





