• Home
  • आगरा
  • आगरा छावनी स्टेशन पर विशेष टिकट जांच अभियान

आगरा छावनी स्टेशन पर विशेष टिकट जांच अभियान

  • 628 यात्रियों से वसूला गया 3.84 लाख रुपये जुर्माना

आगरा/मथुरा। मंडल रेल प्रबंधक आगरा गगन गोयल के निर्देशानुसार तथा वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक अंकित गुप्ता के नेतृत्व में आगरा छावनी रेलवे स्टेशन पर विशेष किलेबंदी टिकट जांच अभियान चलाया गया। अभियान के दौरान बिना टिकट यात्रा करने वाले, अनियमित यात्रा करने वाले, बिना बुक सामान ले जाने वाले तथा रेल परिसर में गंदगी फैलाने और धूम्रपान करने वाले यात्रियों के विरुद्ध कार्रवाई की गई। अभियान का संचालन सहायक वाणिज्य प्रबंधक (कोचिंग) संजय गौतम एवं सहायक वाणिज्य प्रबंधक (फ्रेट) संजीव कुमार जाटव के पर्यवेक्षण में किया गया। इस दौरान मंडल वाणिज्य निरीक्षक/टिकट चेकिंग आर.के. सिंह, मुख्य टिकट निरीक्षक विजय सिंह मीना, राशिद जमील (सीटीआई), हरती मीना (सीटीआई) सहित बड़ी संख्या में टिकट जांच स्टाफ मौजूद रहा।

स्टेशन पर सघन जांच अभियान को देखकर अनियमित यात्रियों में हड़कंप मच गया। कई यात्रियों ने विभिन्न बहाने बनाए, जबकि कुछ ने मौके से भागने का प्रयास किया, जिन्हें पकड़कर नियमानुसार जुर्माना वसूला गया। अभियान के दौरान 230 बिना टिकट यात्रियों से 1,92,140 रुपये, 364 अनियमित यात्रा करने वाले यात्रियों से 1,89,085 रुपये तथा रेल परिसर में गंदगी फैलाने और धूम्रपान करने वाले 34 यात्रियों से 3,400 रुपये का जुर्माना वसूला गया। इस प्रकार कुल 628 यात्रियों से 3,84,625 रुपये का रेल राजस्व प्राप्त हुआ।

जनसंपर्क अधिकारी संजय कुमार गौतम ने बताया कि मंडल में इस प्रकार के जांच अभियान लगातार चलाए जा रहे हैं, ताकि बिना टिकट यात्रा, अनियमित यात्रा, बिना बुक लगेज ले जाने तथा रेल परिसरों में गंदगी फैलाने जैसी गतिविधियों पर प्रभावी रोक लगाई जा सके। उन्होंने यात्रियों से अपील की कि वे वैध यात्रा टिकट लेकर ही यात्रा करें, निर्धारित सीमा से अधिक सामान का बुकिंग कराएं तथा रेल परिसर को स्वच्छ बनाए रखने में सहयोग करें। साथ ही सार्वजनिक स्थानों पर धूम्रपान से बचने की भी सलाह दी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Scroll to Top