• Home
  • आगरा
  • विश्व तंबाकू निषेध दिवस पर आगरा कैंट रेलवे स्टेशन पर व्यसनमुक्ति चित्र प्रदर्शनी आयोजित

विश्व तंबाकू निषेध दिवस पर आगरा कैंट रेलवे स्टेशन पर व्यसनमुक्ति चित्र प्रदर्शनी आयोजित

आगरा/मथुरा। विश्व तंबाकू निषेध दिवस के अवसर पर आगरा कैंट रेलवे स्टेशन के प्रवेश परिसर में व्यसनमुक्ति चित्र प्रदर्शनी का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का आयोजन प्रजापिता ब्रह्माकुमारी ईश्वरीय विश्वविद्यालय के राजयोग शिक्षा एवं शोध प्रतिष्ठान के चिकित्सा सेवा प्रभाग द्वारा मंडल रेल प्रबंधक आगरा गगन गोयल के मार्गदर्शन तथा बी.के. अश्विना, केंद्र प्रभारी एवं सब-जोन सचिव, ब्रह्माकुमारीज आगरा के नेतृत्व में किया गया।

कार्यक्रम का शुभारंभ स्टेशन निदेशक संतोष कुमार त्रिपाठी एवं ब्रह्माकुमारी संस्था के सदस्यों द्वारा दीप प्रज्ज्वलित कर किया गया। प्रातः 9 बजे से सायं 6 बजे तक आयोजित इस जनजागरूकता कार्यक्रम का संचालन ब्रह्माकुमारी संस्था के ईदगाह सेवा केंद्र द्वारा किया गया। प्रदर्शनी के माध्यम से तंबाकू एवं अन्य नशीले पदार्थों के सेवन से होने वाले शारीरिक, मानसिक और सामाजिक दुष्प्रभावों की जानकारी आमजन को दी गई। साथ ही स्वस्थ एवं नशामुक्त जीवनशैली अपनाने का संदेश भी दिया गया। यह कार्यक्रम राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन एवं कम्युनिटी रेडियो स्टेशन के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित किया गया।

कार्यक्रम में स्टेशन निदेशक संतोष कुमार त्रिपाठी, ब्रह्माकुमारी संस्था के वरिष्ठ सदस्य, मुख्य प्रचारक निरीक्षक मोहन मीना, कम्युनिटी रेडियो स्टेशन की प्रतिनिधि राखी त्यागी, रेलवे कर्मचारी, यात्री एवं स्थानीय नागरिक बड़ी संख्या में शामिल हुए। उपस्थित लोगों ने नशामुक्त समाज के निर्माण का संकल्प लिया। कार्यक्रम के अंत में ब्रह्माकुमारी संस्था ने आयोजन में सहयोग प्रदान करने के लिए रेलवे प्रशासन के प्रति आभार व्यक्त किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Scroll to Top