श्याम बिहारी भार्गव: आगरा/मथुरा। मंडल रेल प्रबंधक आगरा गगन गोयल के दिशा-निर्देश, वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक अंकित गुप्ता के नेतृत्व तथा सहायक वाणिज्य प्रबंधक (कोचिंग) संजय गौतम के मार्गदर्शन में आगरा मंडल के प्रभारी मुख्य टिकट निरीक्षकों एवं टिकट जांच स्टाफ द्वारा मंडल के सभी प्रमुख स्टेशनों एवं विभिन्न रेल खंडों पर विशेष टिकट जांच अभियान चलाया गया। दिनांक 01 जुलाई 2026 से 20 जुलाई 2026 तक चलाए गए इस अभियान में रनिंग ट्रेन चेक, स्पॉट चेक, किलेबंदी चेक एवं मजिस्ट्रेट चेक जैसे विभिन्न सघन जांच अभियान संचालित किए गए। अभियान का उद्देश्य बिना टिकट एवं अनियमित यात्रा पर प्रभावी नियंत्रण, रेलवे राजस्व की सुरक्षा तथा यात्रियों को वैध टिकट लेकर यात्रा करने के प्रति जागरूक करना था।
विशेष अभियान के दौरान आगरा मंडल ने 9,807 बिना टिकट यात्रियों पर कार्रवाई करते हुए 1.06 करोड़ रुपये का राजस्व अर्जित किया। वहीं 9,769 अनियमित यात्रियों से 78.35 लाख रुपये, बिना बुक सामान के 8 मामलों में 3,065 रुपये तथा गंदगी फैलाने (लिटरिंग) के 1,681 मामलों में 1.71 लाख रुपये का जुर्माना वसूला गया। इस प्रकार कुल 21,265 मामलों में कार्रवाई करते हुए आगरा मंडल ने 1.86 करोड़ रुपये से अधिक का कुल राजस्व अर्जित किया। जनसंपर्क अधिकारी संजय कुमार गौतम ने बताया कि इस प्रकार के टिकट जांच अभियान मंडल में निरंतर चलाए जाएंगे, जिससे अनियमित यात्रा करने वाले यात्रियों पर प्रभावी रोक लगाई जा सके। उन्होंने यात्रियों से अपील की कि वे उचित टिकट लेकर तथा सीमा से अधिक सामान को बुक कराकर ही यात्रा करें। साथ ही रेल परिसर में गंदगी फैलाने एवं धूम्रपान करने से बचें।





