श्याम बिहारी भार्गव: आगरा/मथुरा। डॉ. शिवम शर्मा ने उत्तर मध्य रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी (सीपीआरओ) का कार्यभार ग्रहण कर लिया है। उन्होंने यह दायित्व निवर्तमान मुख्य जनसंपर्क अधिकारी शशिकांत त्रिपाठी के मुख्य यातायात योजना प्रबंधक, उत्तर मध्य रेलवे के पद पर पदोन्नत होने के बाद संभाला है। डॉ. शर्मा इससे पहले प्रयागराज मंडल में वरिष्ठ मंडल परिचालन प्रबंधक के पद पर कार्यरत थे। उल्लेखनीय है कि मुख्य जनसंपर्क अधिकारी के रूप में यह उनका दूसरा कार्यकाल है। इससे पूर्व उन्होंने वर्ष 2021-22 के दौरान भी इस पद का दायित्व सफलतापूर्वक निभाया था।
डॉ. शिवम शर्मा वरिष्ठ मंडल परिचालन प्रबंधक, उप मुख्य दावा अधिकारी तथा मंडल ट्रैफिक मैनेजर, टूंडला जैसे महत्वपूर्ण पदों पर भी अपनी सेवाएं दे चुके हैं। उप मुख्य दावा अधिकारी के रूप में कार्य करते हुए उन्होंने प्रयागराज में रेलवे दावा अधिकरण की पीठ स्थापित कराने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई थी। उनके इस योगदान के लिए अधिकरण की प्रधान पीठ के अध्यक्ष द्वारा उन्हें सम्मानित भी किया जा चुका है। प्रतिनियुक्ति के दौरान उन्होंने भारतीय खेल प्राधिकरण (एसएआई) में निदेशक के रूप में भी कार्य किया। लगभग तीन वर्ष के कार्यकाल में उन्होंने राष्ट्रीय खेल संस्थान, पटियाला में निदेशक तथा बाद में सोनीपत स्थित उत्तरी क्षेत्रीय केंद्र में क्षेत्रीय निदेशक के रूप में अपनी सेवाएं दीं। इस दौरान उन्होंने हरियाणा में खेलों के विकास से जुड़ी अनेक महत्वपूर्ण योजनाओं का सफल क्रियान्वयन कराया। वर्ष 2024 में पेरिस ओलंपिक के दौरान भी वह भारतीय आधिकारिक प्रतिनिधिमंडल का हिस्सा रहे।
डॉ. शिवम शर्मा भारतीय रेलवे यातायात सेवा (आईआरटीएस) के वर्ष 2011 बैच के अधिकारी हैं। उन्होंने अलीगढ़ मुस्लिम विश्वविद्यालय से डेंटल सर्जरी में स्नातक की उपाधि प्राप्त की है। अपने प्रशासनिक अनुभव और कार्यकुशलता के कारण वे उत्तर मध्य रेलवे के ऊर्जावान एवं गतिशील अधिकारियों में गिने जाते हैं।





