आगरा/मथुरा। आगरा मंडल ने माल ढुलाई और राजस्व अर्जन के क्षेत्र में एक बार फिर उल्लेखनीय उपलब्धि हासिल की है। मंडल रेल प्रबंधक गगन गोयल के मार्गदर्शन में आगरा मंडल ने मई 2026 के दौरान 2,75,983 टन माल का सफल परिवहन करते हुए 38.89 करोड़ रुपये का राजस्व अर्जित किया। रेलवे अधिकारियों के अनुसार मई माह में विभिन्न वस्तुओं के परिवहन से प्राप्त मालभाड़ा आय का प्रमुख विवरण इस प्रकार रहा—
आईओसी/बाद से पेट्रोलियम तेल के 88 रैक लोड किए गए, जिससे 35.75 करोड़ रुपये का राजस्व प्राप्त हुआ। वहीं आईसीडीवाई से कंटेनर के 14 रैक लदान के माध्यम से 82.79 लाख रुपये की आय अर्जित की गई। इसके अतिरिक्त आईओसी/बाद से एक रैक बिटुमिन की लोडिंग से 58.12 लाख रुपये, गोविंदगढ़ से तीन रैक बैलास्ट की लोडिंग से 70.50 लाख रुपये तथा यमुना ब्रिज से पांच वैगन आलू के लदान से 4.72 लाख रुपये का राजस्व प्राप्त हुआ। रामगढ़ स्टेशन से 30 वैगन खाद्य तेल (एडिबल ऑयल) और एक बीसीएन डीओसी वैगन के लदान से 29.48 लाख रुपये की आय अर्जित की गई।
आगरा मंडल ने मई 2026 में कुल 2,75,983 टन माल ढुलाई कर 38.89 करोड़ रुपये का राजस्व अर्जित किया। रेलवे द्वारा व्यापार सुगमता को बढ़ावा देने, प्रतिस्पर्धी दरों पर बेहतर सेवाएं उपलब्ध कराने तथा ग्राहकों की आवश्यकताओं के अनुरूप सुविधाएं विकसित करने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। रेल प्रशासन का कहना है कि ग्राहक-केंद्रित कार्यप्रणाली, प्रभावी व्यवसाय विकास इकाइयों और कुशल नीतिगत निर्णयों के परिणामस्वरूप आगरा मंडल यह महत्वपूर्ण उपलब्धि हासिल करने में सफल रहा है। भविष्य में भी माल ढुलाई के क्षेत्र में बेहतर सेवाएं प्रदान कर राजस्व वृद्धि के प्रयास जारी रहेंगे।





