आगरा/मथुरा। आगरा मंडल भारतीय रेल में समयपालन एवं उत्कृष्ट परिचालन प्रदर्शन के क्षेत्र में लगातार नए कीर्तिमान स्थापित कर रहा है। सुरक्षित, समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण रेल संचालन सुनिश्चित करने के लिए किए जा रहे सतत प्रयासों के परिणामस्वरूप मंडल ने रेलवे बोर्ड स्तर पर उल्लेखनीय उपलब्धियाँ हासिल की हैं। दिनांक 17.05.2026 को आगरा मंडल ने उत्कृष्ट परिचालन क्षमता, बेहतर समन्वय एवं समर्पित कार्यशैली का परिचय देते हुए ओवरऑल समयपालन में 98.74% प्राप्त कर भारतीय रेल में प्रथम स्थान हासिल किया। इसके साथ ही मेल/एक्सप्रेस ट्रेनों की समयपालन दर 99.42% रही, जिसमें भी आगरा मंडल ने प्रथम स्थान प्राप्त किया।
यह उपलब्धियाँ मंडल रेल प्रबंधक आगरा गगन गोयल के मार्गदर्शन एवं वरिष्ठ मंडल परिचालन प्रबंधक कुलदीप मीना के निर्देशन में सभी विभागों के अधिकारियों एवं कर्मचारियों के समन्वित प्रयासों का परिणाम हैं। इसी क्रम में 13.05.2026 को मेल/एक्सप्रेस एवं ट्रेन ऑन डिमांड ट्रेनों के संयुक्त समयपालन प्रदर्शन में आगरा मंडल ने 97.78% समयपालन के साथ भारतीय रेलवे के सभी मंडलों में प्रथम स्थान प्राप्त किया था। वहीं 10.05.2026 को 98.84% समयपालन दर्ज कर मंडल ने रेलवे बोर्ड स्तर पर तृतीय स्थान हासिल किया।
उल्लेखनीय है कि 03.06.2025 को 100% समयपालन प्राप्त करने के बाद यह प्रदर्शन मंडल के सर्वोच्च उपलब्धियों में से एक माना जा रहा है। मंडल द्वारा यात्रियों को सुरक्षित, सुगम एवं समयनिष्ठ रेल सेवाएं उपलब्ध कराने के लिए निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं। मंडल रेल प्रबंधक गगन गोयल ने इस उपलब्धि पर सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों को बधाई देते हुए भविष्य में भी इसी प्रकार उत्कृष्ट प्रदर्शन बनाए रखने के लिए प्रेरित किया।





